शहर

गुजरात के वलसाड में दर्दनाक हादसा : पिकअप पलटने से 6 की मौत, कई घायल ; 28 लोग थे सवार

गुजरात के वलसाड में एक पिकअप वाहन के पलटने से छह लोगों के मौत की खबर है। इस हादसे में कई घायल हैं।

Image

वलसाड में पिकअप पलटने से 6 की मौत

वलसाड : जिले के कपराडा क्षेत्र के वीरक्षेत्र के पास सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक पिकअप वाहन के पलटने से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक ही परिवार और रिश्तेदारों से भरा वाहन “आणु” कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहा था। वाहन में करीब 28 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। खुशियों से भरी यह वापसी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। हादसे पर पीएम मोदी से दुख जताया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिसके चलते पिकअप असंतुलित होकर पलट गया। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग भी इस हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से जांच कर रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री गिरनारा गांव के निवासी थे, जो कोलवेरा गांव में आयोजित “आणु” कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते वक्त रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इस इलाके के रास्तों में पहले भी काफी अकस्मात हो चुके हैं।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि गुजरात के वलसाड में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा कि गुजरात के वलसाड जिले में हुए दुखद सड़क हादसे से मैं बेहद व्यथित हूं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

घटना वलसाड के कपराडा तालुका की बताई जा रही है। यहां शादी से लौट रही एक पिकअप वैन के पलट जाने से भयानक हादसा हो गया और कार में बैठे 6 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कपराडा तालुका के गिरनारा गांव का एक परिवार शादी की रस्में पूरी करने के लिए कोलवेरा गांव आया था। शादी की रस्में पूरी करने के बाद सभी लोग पिकअप में सवार होकर गिरनारा गांव लौट रहे थे। हादसे के समय पिकअप में 28 लोग सवार थे।

हादसा उस समय हुआ जब पिकअप वैन वीरक्षेत्र के पास से गुजर रही थी, तभी एक पहाड़ी से गुजरते समय पिकअप के ब्रेक फेल हो गए और ड्राइवर गाड़ी का नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह बेकाबू होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची बचाव कर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article