Jharkhand Lightning Strike: झारखंड इन दिनों मौसम काल बनकर लोगों को पीछा कर रहा है। अभी हाल फिलहाल की जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन महिलाओं और दो लड़कों समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इनमें से दो-दो लोगों की मौत रांची और गढ़वा जिलों में हुई, जबकि अन्य घटनाएं चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां और जामताड़ा जिलों में हुईं। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार सुबह को बताया कि, "पिछले 24 घंटे में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम आठ लोगों की जान गई है।" पिठौरिया थाने के उपनिरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया, "रांची जिले में दो लोगों की मौत हुई है। उनकी पहचान बधु गांव के जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशो देवी (33) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई।" उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गढ़वा जिले में दो लोगों की मौत
एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, गढ़वा जिले में दो लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव निवासी रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी राम अवतार पाल (65) के रूप में हुई है। खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने बताया, "रीना देवी पेड़ के नीचे पनाह लेने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई थीं।" केतार थाने के उपनिरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि राम अवतार पाल की उस समय आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी जब वह भेड़ें चरा रहे थे। एक अन्य घटना में गिरिडीह जिले में 10 साल के एक बच्चे की आकाशीय बिजली से झुलसने के बाद मौत हो गई। राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने कहा, "लड़का राजधनवार प्रखंड के घोसकेडीह गांव का निवासी था। उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।" चतरा जिले में सदर थाना क्षेत्र स्थित उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के पीछे बने इको पार्क में काम कर रही 35 वर्षीय महिला मजदूर की बिजली गिरने से मौत हो गई।
10 साल के मासूम की मौत
सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया, "पीड़िता गीता देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।" वह इसी थाना क्षेत्र के बारियो गांव की निवासी थीं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बिजली गिरने की एक घटना में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और नाबालिग बेटी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संजय देवगम, उनकी नौ वर्षीय बेटी और 60 वर्षीय पिता सांडिरडीह गांव में एक झोपड़ी में छिपने गए थे। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जामताड़ा जिले में भी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बिठारा गांव में बिजली गिरने से 10 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलख चौबे ने बताया, "यह घटना उस समय हुई जब मोहरिल मियां अपने तीन बच्चों के साथ खेत की ओर जा रहे थे। तभी इलाके में बिजली गिरी, जिससे उनके 10 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मोहरिल मियां और उनके अन्य दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।"झारखंड में अगले कुछ दिनों का मौसम
अब सवाल यह है कि आगे मौसम कैसा रहेगा? तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 15 से 20 जून के बीच झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने की संभावना है। इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है, जिनकी गति कुछ क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
