शहर

रिश्तेदार के यहां रात में सोने गया था परिवार, सुबह चोरों ने घर से लाखों का सामान किया पार, CCTV में कैद हुई वारदात

Delhi Theft Case: दिल्ली के मुखर्जी नगर के धीरपुर गांव में एक घर में लाखों की चोरी हुई। चोरों ने घर खाली पाकर वारदात को अंजाम दिया और पहचान छुपाने के लिए CCTV के तार भी काट दिए।

Delhi Theft Case: दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में चोरी (Mukherjee Nagar Theft) की एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसने आसपास के लोगों को हैरान कर दिया है। यह मामला नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के धीरपुर गांव का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। जानकारी के मुताबिक, जिस घर में चोरी हुई, वह एक सरकारी अधिकारी का है। बताया जा रहा है कि घर में लगे एयर कंडीशनर (AC) में ठीक से कूलिंग नहीं हो रही थी, जिसके कारण परिवार रात में अपने नजदीकी रिश्तेदार के घर सोने चला गया था। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यह घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।

जहां हुई चोरी वहीं रहते हैं कई बड़े अधिकारी

चोरों ने बेहद चालाकी से काम किया। उन्होंने न सिर्फ घर में घुसकर कीमती सामान चुराया, बल्कि आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इतना ही नहीं, चोरों ने आसपास के कई घरों को बाहर से बंद कर दिया, जिससे कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके या शोर न मचा सके। हैरानी की बात यह है कि जिस इलाके में यह चोरी हुई, वहां कई बड़े अधिकारी रहते हैं। घर के बाहर सीबीआई और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के बोर्ड भी लगे हुए हैं।

पहली मंजिल पर दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का घर

बताया जा रहा है कि मकान का ग्राउंड फ्लोर किराए पर दिया गया है, जबकि पहली मंजिल पर दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से सबूत जुटाए और जांच शुरू कर दी है। कुछ सीसीटीवी फुटेज में चोरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article