Haridwar Flyover Accident: उत्तराखंड के हरिद्वार से एक भयंकर सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें चार वाहन आपस में टकरा गए और टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिसमें एक बस भी पूरी तरह जल गई। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। घटना रविवार (8 मार्च) रात को मोतीचूर फ्लाईओवर पर हुई, जहां तेज रफ्तार में आ रहे वाहनों की टक्कर के बाद फ्लाईओवर पर अफरातफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है।
हरिद्वार के सीएफओ ने क्या बताया?
आग लगने के कारण दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम के कारण रायवाला से फायर ब्रिगेड समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, लेकिन हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंच गईं। हरिद्वार के सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
रुद्रप्रयाग में दो घटनाओं में मां-बेटे और एक महिला की हत्या
वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में हत्या की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक मां-बेटा और हरियाणा की एक महिला की जान गई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी और बताया कि दोनों मामलों के आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पहली घटना रुद्रप्रयाग के एक होटल में हुई, जहां हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी महिला काजल अपने पति अरुण और उसके मित्र अक्षय कुमार के साथ 6 मार्च की रात ’गैलेक्सी’ होटल में रुकी थी। पुलिस के अनुसार, महिला को बेहोश हालत में छोड़कर दोनों व्यक्ति होटल से बाहर चले गए और फिर लौटकर नहीं आए।
होटल मालिक ने महिला को अचेत अवस्था में पाया और पुलिस को सूचना दी। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले को हत्या की प्राथमिक धारणा के तहत दर्ज कर होटल का कमरा सील कर फॉरेंसिक और अन्य सबूत जुटाए। महिला के परिजन रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी घटना तिलवाड़ा सुमाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां एक बंद कमरे से नेपाल मूल की महिला कमला शाही (34) और उनके 9 वर्षीय बेटे रोशन का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, यह हत्या कुछ दिन पहले हुई प्रतीत होती है। घटना के बाद महिला के पति दीपक बहादुर फरार हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
