शहर

Maharashtra Weather: चंद्रपुर और गढ़चिरौली में गरजेंगे बादल, 50 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी, 8 जिलों में अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल

Maharashtra Weather Update 7 April: महाराष्ट्र में मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 7 अप्रैल को विदर्भ के कुछ जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मुंबई और उत्तर महाराष्ट्र में गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं। जानते हैं महाराष्ट्र के मौसम का हाल।

Image

5 जिलों में येलो अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Alert: दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय होने से आज, मंगलवार को देश के अधिकांश हिस्से में भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी है। गुजरात, राजस्थान से लेकर ओडिशा और उत्तर-पूर्व के राज्यों में भी आज और मौसम बिगड़ा रहेगा। वहीं महाराष्ट्र (Maharashtra Weather Today) में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। जहां एक तरफ सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है, वहीं दूसरी तरफ पिछले कुछ दिनों की 'बेमौसम' बारिश और गरज-चमक ने चिंता बढ़ाई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए राज्य के कई हिस्सों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विशेष रूप से विदर्भ और मराठवाड़ा के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटे काफी महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं, क्योंकि यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है।

विदर्भ और मराठवाड़ा में बिजली-आंधी का खतरा (IMD Alert Today Maharashtra)

मौसम विभाग ने मंगलवार, 7 अप्रैल के लिए चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इन दो जिलों के लिए पीली चेतावनी यानी 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि यहां बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भारी संभावना है। विदर्भ के अन्य जिलों जैसे नागपुर, वर्धा, भंडारा और गोंदिया में भी धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इन इलाकों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मराठवाड़ा के नांदेड़ और हिंगोली जिलों में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें।

मुंबई, ठाणे और उत्तर महाराष्ट्र में उमस भरी गर्मी (Mumbai Thane Weather Today)

राज्य के तटीय और उत्तरी हिस्सों में मौसम का मिजाज थोड़ा अलग है। मुंबई, ठाणे और पालघर जैसे कोंकण बेल्ट के जिलों में हालांकि छिटपुट हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है, लेकिन मुख्य रूप से यहां का मौसम शुष्क और बेहद उमस भरा रहने वाला है। उमस के कारण यहां दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के बावजूद गर्मी काफी असहनीय महसूस होगी। वहीं, उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव, नासिक और धुले जैसे जिलों में पारा लगातार चढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है, जिससे दोपहर के समय लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है।

पश्चिमी महाराष्ट्र में शुष्क मौसम और बढ़ता पारा (Pune Satara Weather Today)

पुणे, सतारा, सांगली और कोल्हापुर सहित पश्चिमी महाराष्ट्र के अधिकांश जिलों में मौसम फिलहाल स्थिर और शुष्क बना रहेगा। सतारा के कुछ ऊंचे इलाकों को छोड़ दें तो बाकी हिस्सों में बारिश के आसार कम हैं। हालांकि, सप्ताह के अंत तक यानी 9 और 10 अप्रैल के आसपास सांगली और सोलापुर जैसे जिलों में मौसम फिर से अस्थिर हो सकता है और वहां हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। फिलहाल इन जिलों में तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर तेज रहेगा।

नागरिकों और किसानों के लिए जारी की गई विशेष एडवाइजरी (IMD Advisory Weather Alert)

बदलते मौसम और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि गरज-चमक और आंधी के समय पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास शरण न लें, बल्कि पक्के और सुरक्षित मकानों के अंदर ही रहें। विदर्भ और मराठवाड़ा में लू और गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून की यह सक्रियता अगले 4 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर जारी रह सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article