Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज काफी अस्थिर बना हुआ है। उत्तर भारत में सक्रिय चक्रवात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक फैली निम्न दबाव की रेखा के कारण राज्य में 'मानसून पूर्व' बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार और रविवार को राज्य के 14 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट (Vidarbha Orange Alert IMD)
विदर्भ में मौसम सबसे अधिक अस्थिर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 9 मई को यवतमाल और चंद्रपुर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इसके अलावा वर्धा, नागपुर, गोंदिया और गढ़चिरौली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली और सतारा जिलों में भी आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
मराठवाड़ा में बिजली गिरने की आशंका (Marathwada Thunderstom IMD Alert)
मराठवाड़ा के जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। लातूर, धाराशिव और नांदेड़ जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। छत्रपति संभाजीनगर, जालना और हिंगोली में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
कोंकण और मुंबई में गर्मी और उमस की मार (Konkan Mumbai Heatwave)
जहां एक ओर विदर्भ और मराठवाड़ा बारिश से भीग रहे हैं, वहीं कोंकण तट और मुंबई के लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए गर्मी का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। हवा में नमी के कारण गर्मी असहनीय होती जा रही है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी लू जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की नागरिकों से अपील
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। बदलते मौसम और आंधी-तूफान के खतरों को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
