शहर

Maharashtra Weather: पुणे में 130 साल बाद अप्रैल में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, आज 16 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी; जानें मुंबई क्यों रह गई सूखी

Maharashtra Weather Update 4 April: महाराष्ट्र में पश्चिमी विक्षोभ और लाइन ऑफ डिसकंटीन्यूटी के कारण मौसम बदल गया है। पुणे में 1896 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज हुई है। IMD ने मराठवाड़ा और विदर्भ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं महाराष्ट्र के मौसम का हाल।

Image

आज महाराष्ट्र के 16 जिलों में अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Alert: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पिछले 3-4 दिनों से लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विदर्भ और मराठवाड़ा में भारी बारिश और ओले गिरने (Hailstorm) का दौर जारी है, जबकि पुणे में बारिश ने पिछले 130 सालों का रिकॉर्ड तोड़ कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और 'लाइन ऑफ डिसकंटीन्यूटी' (Line of Discontinuity) के सक्रिय होने से यह स्थिति बनी है।

पुणे में ऐतिहासिक बारिश: 1896 का रिकॉर्ड टूटा (Pune Record Rain)

पुणे के शिवाजीनगर इलाके में एक ही दिन में 65 mm बारिश दर्ज की गई, जिसने 4 अप्रैल 1896 को दर्ज 51.1 mm के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। शहर के कुछ हिस्सों में तो हालात 'बादल फटने' जैसे थे; खड़कवासला में 104.2 mm और सिंहगढ़ रोड पर महज एक घंटे में 100.2 mm बारिश हुई। इस मूसलाधार बारिश के कारण शहर में 80 से अधिक पेड़ गिर गए और सड़कों पर भारी जलजमाव देखा गया।

मुंबई में क्यों नहीं हुई भारी बारिश? (Mumbai Rain Update)

जहां एक ओर पुणे और मराठवाड़ा भीग रहे हैं, वहीं मुंबई में केवल हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली। मौसम विभाग की मानें तो मुंबई 'लाइन ऑफ डिसकंटीन्यूटी' के रडार से बाहर है। यह वह क्षेत्र होता है जहां उल्टी दिशाओं से आने वाली हवाएं (पछुआ और पूर्वी) आपस में टकराती हैं। चूंकि यह टकराव मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अधिक तीव्र है, इसलिए वहां गरज के साथ भारी बारिश हो रही है, जबकि मुंबई अपेक्षाकृत सूखी है। आइए जानते हैं आज कहां आंधी-बारिश की आशंका है।

तापमान का पूर्वानुमान (Maharashtra Weather Today)

अगले दो दिनों में महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। मुंबई में 9 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे भीषण गर्मी से फिलहाल राहत बनी रहेगी।

16 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' (Maharashtra IMD Alert Today)

IMD ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य के 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। आइए क्षेत्रवार देखते हैं।

मराठवाड़ा: औरंगाबाद, बीड, उस्मानाबाद, लातूर, नांदेड़, परभणी, हिंगोली और जालना में बिजली गिरने, ओले गिरने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

विदर्भ: अकोला, अमरावती, यवतमाल, चंद्रपुर और गढ़चिरौली में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

उत्तर महाराष्ट्र: जलगांव और अहमदनगर में भी अलर्ट जारी किया गया है।

किसानों और नागरिकों के लिए एडवाइजरी (IMD Advisory)

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने रबी की फसलों और बागवानी को भारी नुकसान पहुंचाया है। मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सलाह दी है। IMD ने सुझाया है कि कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें या तिरपाल से ढक दें। सब्जियों और नए बागों को ओलों से बचाने के लिए जाली का उपयोग करें और डंडियों का सहारा दें। बिजली गिरने और तेज आंधी के दौरान जानवरों को खुले में न बांधें, उन्हें सुरक्षित बाड़ों में रखें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article