Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र इस समय भीषण गर्मी और बेमौसम बारिश की दोहरी मार झेल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, राज्य के 13 जिलों में आज आंधी-तूफान और बारिश की प्रबल संभावना है। राजस्थान के फलोदी में दर्ज किए गए देश के सबसे अधिक तापमान (45.7 डिग्री सेल्सियस) का असर महाराष्ट्र में भी लू के रूप में दिख रहा है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने प्री-मानसून गतिविधियों को तेज कर दिया है।
विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र: तपिश का टॉर्चर (Akola Vidarbha Heatwave )
राज्य में रविवार को जलगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मालेगांव, अकोला और वर्धा में भी पारा 41-42 डिग्री के पार बना हुआ है। विदर्भ के कुछ हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की आशंका है, जिससे लू (Heat Wave) का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, अकोला और अमरावती जैसे जिलों में शाम को गरज के साथ छींटे पड़ने से तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
कोंकण और मुंबई: उमस और पसीने वाली गर्मी (Konkan Mumbai IMD Alert)
मुंबई, ठाणे और पालघर में बारिश की संभावना कम है, लेकिन यहाँ गर्म और उमस भरा मौसम (Humid Weather) नागरिकों को बेहाल करेगा। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जहाँ शाम के समय बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा: आंधी-तूफान की चेतावनी (Sangali Marathwada Thunderstorm)
मध्य महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सतारा, सांगली और सोलापुर जिलों के लिए अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। यहाँ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, मराठवाड़ा के लातूर, धराशिव और नांदेड़ में भी बेमौसम बारिश का पूर्वानुमान है।
प्रमुख जिलों का हाल (तापमान और अलर्ट)
राज्य के प्रमुख जिलों की बात करें तो मौसम का हाल अलग-अलग है। जलगांव में तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया, जहां भीषण गर्मी और शुष्क मौसम बना हुआ है। महाबलेश्वर में राज्य का सबसे कम तापमान 18 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सोलापुर में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पुणे और अहिल्यानगर में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन की अपील और सुरक्षा सुझाव (IMD Advisory)
मौसम में अचानक हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों और किसानों के लिए सुरक्षा सुझाव जारी किए हैं। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है ताकि भीषण गर्मी से बचा जा सके। गरज-चमक के दौरान ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से परहेज़ करें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग कर दें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखें ताकि बेमौसम बारिश से नुकसान न हो। इन निर्देशों का पालन करके लोग अपनी और अपने पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
