Nandurbar News: महाराष्ट्र के नंदुरबार में स्थानीय अपराध जांच शाखा और शहर पुलिस ने मिलकर एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। संयुक्त ऑपरेशन के तहत पशुओं में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खतरनाक इंजेक्शन तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस ने शहर के गवलीवाड़ा क्षेत्र में स्थित एक मकान पर छापा मारते हुए लगभग 20 लाख 20 हजार रुपये कीमत के अवैध रसायन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यहां गाय और भैंसों के दूध को बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित और जहरीले रसायनों का इस्तेमाल कर खतरनाक इंजेक्शन बनाए जा रहे थे।
ऐसे दूध का सेवन न केवल जानवरों के लिए बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रवण दत्त एस. ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन रसायनों का स्रोत कहां था और इस गिरोह का नेटवर्क कितनी जगहों तक फैला हुआ है।
