Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के तीन प्रमुख जिलों, हिंगोली, परभणी और नांदेड़ में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। इलाके में दहशत का आलम यह था कि एक ही रात में लगातार चार बार धरती कांप उठी। कई सालों में यह पहला ऐसा मौका है जब इतनी कम समय के भीतर बैक-टू-बैक चार बार भूकंप दर्ज किया गया है। झटके महसूस होते ही लोग गहरी नींद से जाग गए और जान बचाने के लिए घरों से बाहर खुले मैदान की तरफ भागने लगे। चारों भूकंप के झटकों का केंद्र हिंगोली था।
आधी रात आए झटके
जिला आपदा प्रबंधन कक्ष और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भूकंप के इन झटकों की शुरुआत देर रात 1:37 बजे हुई। पहले झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई है, जबकि इस सीरीज के अन्य झटकों की तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच मापी गई।
इस पूरे भूकंप का मुख्य केंद्र बिंद हिंगोली जिला था। भूकंप का असर इतना बड़ा था कि हिंगोली से सटे हुए परभणी और नांदेड़ जिले में भी कंपन महसूस हुआ।
नुकसान की खबर नहीं
राहत की बात यह है कि आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, इस सिलसिलेवार भूकंप के कारण अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि (जान-माल के नुकसान) की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और भूकंप के केंद्र वाले इलाकों में स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन सतर्क रहें। यदि दोबारा कोई कंपन महसूस होता है, तो तुरंत मकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित और खुले स्थानों पर आ जाएं।
