शहर

महाराष्ट्र में 18 गिरफ्तार और 1,208 सिलेंडर जब्त; मंत्री भुजबल ने दिया एलपीजी, रसोई और पीएनजी गैस पर अपडेट

महाराष्ट्र के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने राज्य में एलपीजी, रसोई गैस और पीएनजी की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अनियमितताओं पर कड़ा कदम उठाते हुए कई मामलों में कार्रवाई की है और जनता को पर्याप्त गैस उपलब्ध कराने के लिए उपाय किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमतों और प्राथमिकता वितरण के बारे में भी विवरण साझा किया।

Image

महाराष्ट्र सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के बीच पर्याप्त LPG सप्लाई सुनिश्चित की (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Maharashtra LPG Supply Update: महाराष्ट्र के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने सोमवार को बताया कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न संकट के बीच एलपीजी की कथित कमी और अनियमितताओं के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अब तक 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी उन्होंने विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य अभिजीत वंजारी द्वारा उठाए गए प्रश्न का उत्तर देते हुए दी और साथ ही पश्चिम एशिया संकट के बावजूद कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए उपायों का विवरण भी साझा किया।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों की समिति का गठन करते हुए जिले स्तर पर निगरानी बढ़ाई। इन समितियों ने अब तक 2,129 छापे मारे, जिनमें 1,208 एलपीजी सिलेंडर और 33,66,411 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया। छगन भुजबल ने कहा कि कुल 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के पास पर्याप्त मात्रा में केरोसिन मौजूद है और सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ समन्वय कर इसे उनके ईंधन पंपों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

राज्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं

छगन भुजबल ने कहा कि राज्य में रसोई गैस, एलपीजी और पीएनजी की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों के साथ बातचीत में उन्हें बताया गया कि रसोई गैस का उत्पादन बढ़ाकर नौ मीट्रिक टन से 11 मीट्रिक टन कर दिया गया है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह विषय केंद्र सरकार से जुड़ा है, जिन्होंने एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि की है। भुजबल ने कहा कि खाना पकाने की गैस का भंडार पर्याप्त मात्रा में मौजूद है, इसलिए जनता को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

व्यावसायिक सिलेंडर और घरेलू सिलेंडर की कीमत

छगन भुजबल ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के तेल उपक्रमों के अधिकारियों ने उन्हें यह जानकारी दी है कि एलपीजी सिलेंडर वितरण में घरों को प्राथमिकता देने के लिए "ऊपर से निर्देश" जारी किए गए हैं। इसके बाद अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, श्मशान घाटों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों जैसी सार्वजनिक सेवाओं को पूरी प्राथमिकता दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि घरेलू सिलेंडर की कीमत पिछले महीने 852.50 रुपये थी, जो सात मार्च को बढ़कर 912.50 रुपये हो गई, जबकि व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 1,720.50 रुपये से बढ़कर 1,835 रुपये हो गई।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article