शहर

सोलापुर-पुणे हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, पेड़ से टकराकर दूर गिरी कार; 5 लोगों की मौके पर मौत

सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग पनवेल से अक्कलकोट दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

Image

सोलापुर में भीषण हादसा

Solapur Accident News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में शनिवार देर रात भीषण हादसा हो गया। सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर मोहोल के पास देवदरी पाटी के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। यह हादसा इतना भयंकर था कि कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

पेड़ से टक्कर के बाद झाड़ियों में उछलकर गिरी कार

जानकारी के अनुसार, कार सवार 6 लोग पनवेल से अक्कलकोट देवदर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार को रात के करीब 12 बजे ड्राइवर का नियंत्रण कार से छूट गया। जिससे कार तेज रफ्तार से सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर करीब 10-15 फीट दूर झाड़ियों में जाकर गिरी। हादसे के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुई महिला का मोहोल के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तेज रफ्तार के कारण हादसे की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही मोहोल पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। कार में 3 पुरुष और 3 महिलाएं सवार थी। सभी आपस में दोस्त थे। पुलिस के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिस कारण चालक का गाड़ी से नियंत्रण छूट गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि कार में कोई तकनीकी खरीबी या हादसे का कोई अन्य कारण तो नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article