Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक अपनी ही पत्नी की बहन (साली) को लेकर फरार हो गया तो इसके अगले दिन पत्नी का भाई जीजा की बहन को लेकर भाग गया। इस हैरान परेशान कर देने वाले खबर की पुलिस ने पुष्टि की और बताया कि दोनों पक्षों में समझौता होने की वजह से कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई।
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, यह मामला बरेली जिले के देवरानिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इस गांव के निवासी केशव कुमार (28) अपनी 19 वर्षीय साली को लेकर फरार हो गया। उसके अगले ही दिन उसका साला रवीन्द्र (22) केशव की 19 वर्षीय बहन को लेकर भाग गया। थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने जीजा-साली और उसकी बहन को क्रमश: 14 और 15 सितंबर को ढूंढ निकाला और दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से मामला खत्म किया और किसी कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की।
पत्नी की बहन से हुआ युवक को प्यार
पुलिस के अनुसार, देवरानिया थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी केशव की शादी छह साल पहले नवाबगंज इलाके की एक युवती से हुई थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने बताया कि शादीशुदा जिंदगी के बीच युवक को अपनी साली से प्यार हो गया, जबकि केशव की बहन और उसके साले रवीन्द्र के बीच भी दिल का रिश्ता पनपने लगा।
पुलिस ने बताया कि युवक अपनी साली को भगाया और उसके भाई ने जीजा की बहन को भगा लिया। इस मामले को लेकर नवाबगंज पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस ने युवक और उसके साले को पकड़कर दोनों युवतियों को भी लाया गया, लेकिन थाने में पहुंचते ही यह मामला पूरी तरह से पलट गया। दोनों पक्ष आमने-सामने हुए और समझौता कर लिया। थाना प्रभारी (एसएचओ) ने बताया कि दोनों परिवार के लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता हुई और दोनों पक्षों में आपसी से समझौता हो गया।
(इनपुट - भाषा)
