अयोध्या: राननगरी में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। 22 जनवरी को मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होना तय है। उससे पहले अयोध्या को सभी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। एक ओर जहां फोरलेन सड़क और एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाले हैं, वहीं अब अयोध्या से आनंद विहार वाया लखनऊ जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ती नजर आएगी। इसके नए रैक का आवंटन रेल कोच फैक्टरी से उत्तर रेलवे को हो गया है। 16 दिसंबर को यह रैक सौंपा जाएगा। ट्रेन में आठ कोच होंगे। इसकी समयसारिणी बनाई जा रही है।
सुबह चलेगी वंदे भारत
दरअसल, मंदिर निर्माण के बाद भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। लिहाजा, यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े, इसके लिए बड़े पैमाने पर रोड, रेल और हवाई सुविधा को मजबूत किया जा रहा है। अब शताब्दी व तेजस एक्सप्रेस के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रूट बनाने की चुनौती से रेलवे अफसरों को गुजरना होगा। रेलवे बोर्ड के एक सीनियर अफसर ने बताया कि आनंद विहार से लखनऊ होकर अयोध्या की दूरी वंदे भारत आठ घंटे में तय करेगी। ट्रेन सुबह के समय चलाए जाने की संभावना हैं। चूंकि, अयोध्या में अभी वंदे भारत के प्राइमरी मेंटनेंस की सुविधा नहीं है, इसलिए सुबह आनंद विहार से ट्रेन को चलाकर दोपहर में अयोध्या से वापसी की जा सकती है। अगर, वंदे भारत शाम को आनंद विहार से चलाई गई तो यह रात में अयोध्या पहुंचेगी, जहां उसकी मेंटेनेंस नहीं हो सकेगी।
टाइम टेबल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके अलावा सिटिंग चेयरकार की ट्रेन में रात का सफर नहीं किया जा सकता है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि शताब्दी को वंदे भारत एक्सप्रेस से तब्दील किया जा सकता है। शताब्दी का रैक बहुत पुराना हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड ट्रेन का टाइम टेबल तैयार कर रहा है। जल्द ही इसके संचालन की तिथि के आदेश भी जारी हो जाएंगे।
अयोध्या एयरपोर्ट का 30 उद्घाटन
रेलवे बोर्ड ने पहले ही नई दिल्ली लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस को वंदे भारत में तब्दील करने का प्रस्ताव बनाया था। ऐसे में आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस को शताब्दी एक्सप्रेस के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, अयोध्या एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए पहली उड़ान 30 दिसंबर को शुरू हो रही है। ट्रायल के तौर पर 6 जनवरी और 10 जनवरी को अयोध्या और नई दिल्ली के बीच संचालित होगी। 11 जनवरी से यह नियमित उड़ान होगी। पहली उड़ान उद्घाटन के लिए होगी। नियमित उड़ान शुरू होगी तो यह दिल्ली के आगे अहमदाबाद तक जाएगी।
