UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वापसी हो गई है। बीते दिनों ठंड से मिली राहत और गर्मी का अहसास होने पर प्रदेशवासियों को लगा था कि अब ठंड खत्म हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं है। बदलती मौसमी गतिविधियों के चलते प्रदेश में ठंड ने एक बार फिर वापसी की। सुबह और रात के दौरान यूपी के लोगों को ठिठुरता हुआ देखा जा रहा है। दोपहर के समय धूप खिली होने के कारण ठंड से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही ठंड वापस शुरू हो जाती है। शाम होते ही लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। इस बीच प्रदेश के 39 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
यूपी में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज प्रदेश के 39 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित रहेगी। इन जिलों में कोहरा इतना घना है कि कुछ ही दूर का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। स्थिति को समझते हुए और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को हुए हादसे के बाद वाहन चालकों को गाड़ियां धीमी गति में लाइट ऑन करके चलाने की सलाह दी गई है। सभी नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है, ताकि हादसे की स्थिति से बचा जा सके। कोहरे के कारण सड़क यातायात के साथ रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
यूपी के कई जिलों में आज घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान बिजनौर, ज्योतिबा फुले, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती और संत कबीर नगर में आज मौसम विभाग ने घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी के इन जिलों में जारी येलो अलर्ट
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार आज यूपी के 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बदायूं, संभल, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानगंज, अंबेडकर नगर, देवरिया, मऊ और बलिया में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के साथ होगी फरवरी की शुरुआत
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके एक्टिव होने से प्रदेश के मौसम पर असर देखने को मिलेगा। यूपी के पश्चिमी हिस्सों में 1 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में 5 दिनों तक बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। वहीं पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे पहले दिन में धूप और शाम होते ही ठंड का सिलसिला जारी रहेगा।
