Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega UP Main: उत्तर प्रदेश में गर्मी अपना कहर बरसा रही है। तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। तपती गर्मी से लोगों के पसीने छुटने लगे हैं। बता दें कि शुक्रवार इस सीजन का अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि चिलचिलाती गर्मी का ये सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। वहीं पछुआ हवाओं के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के बाद भी यूपी में बारिश का नामोनिशान नहीं दिखा। आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।
लखनऊ में भीषण गर्मी की शुरुआत
यूपी की राजधानी लखनऊ में भी भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है। धूप की तेजी और तापमान में बढ़ोतरी लखनऊ में सुबह से ही देखने को मिल रही है। जानकारी के लिए बता दें कि सुबह के दौरान ही लखनऊ का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाता है। वहीं दोपहर के समय में झुलसा देने वाली गर्मी का एहसास होने लगता है। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को प्रदेश का मौसम साफ रहेगा और कहीं-कहीं बादल दिखाई देंगे। जानकारी के अनुसार शहर का तापमान 42 डिग्री तक रहेगा और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
प्रयागराज रहा सबसे गर्म शहर
यूपी में गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। जहां शुक्रवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं प्रयागराज यूपी का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। प्रयागराज के बाद आगरा दूसरे नंबर पर और वाराणसी तीसरे नंबर पर सबसे गर्म शहर है।
हीट वेव के अलर्ट पर आगरा
यूपी के आगरा में रविवार को मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ताजनगरी का तापमान 45 के पार जाने की संभावना जताई गई है। विभाग ने कहा कि रविवार से आने वाले तीन दिनों तक शहर में हीट वेव चल सकती है। हीट वेव के कारण तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
लू से कैसे बचें
यूपी के कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। बढ़ती गर्म के कारण लोग हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं। लू लगने के दौरान व्यक्ति का तापमान 104 डिग्री से अधिक हो जाता है। शरीर से पसीना निकलना बंद हो जाता है। दिल की धड़कन सामान्य से तेज होने लगती है। आइए अब आपको इससे बचने के उपाय भी बता दें -
- धूप में बाहर कम जाएं
- अधिक से अधिक पानी ग्रहण करें
- ज्यादा शुगर वाले पेयजल के सेवन से बचें
- हरी सब्जियों, सलाद और फलों को अपने भोजन में शामिल करें
- छोटे-छोटे अंतराल पर भोजन करें
