UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31-May-2025: यूपी में मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। प्रदेश का मौसम सुहावना बना हुआ है। गुरुवार शाम से ही प्रदेश के कई जिलों में हवाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां शुक्रवार रात मौसम ने फिर करवट ली है। तेज हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया है। बता दें कि शुक्रवार को कानपुर जिले में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चली, जिसके बाद हल्की बारिश भी दर्ज की गई। इसके अलावा यूपी की राजधानी लखनऊ, अमेठी, कौशांबी और उन्नाव में भी बारिश दर्ज की गई थी। आज यानी शनिवार, 31 मई को धूप निकलने के बाद दिन के समय उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी, लेकिन शाम होते ही तेज हवाओं का दौर फिर शुरू होगा। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए मौसम विभाग ने यूपी में आंधी - बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश के 61 जिलों में आज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, ज्योतिबाफुले, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, कुशीनगर, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, ललितपुर, झांसी, महोबा और हमीरपुर में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। बीच-बीच में झोकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। कहीं हल्की बारिश होगी तो वहीं कई स्थानों पर बूंदाबांदी और मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है।
तेज हवाओं और बारिश का येलो अलर्ट जारी
अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, महामायानगर, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, कांशीरामनगर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर और देवरिया में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। यहां अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। तेज हवाओं और बारिश के कारण गर्मी से राहत मिलेगी तो वहीं कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी और पसीने से लोगों का हाल बेहाल भी रह सकती है। मानसूनी बारिश के शुरू होने से पूरे उत्तर प्रदेश में लोगों का राहत मिलेगी। मौसम विभाग की मानें तो इस साल अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
