UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25-November-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड फिर से बढ़ने लगी है। पछुआ हवाओं का असर पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों के मौसम पर देखने को मिल रहा है। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। यूपी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। सोमवार को सबसे ठंडे शहर मेरठ, बाराबंकी, इटावा और कानपुर नगर रहे। इन चारों जिलों में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरा भी अब घना होने लगा है।
यूपी में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम साफ और शुष्क रहने वाला है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह के समय प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। आने वाले दिनों में भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 30 नवंबर तक यूपी में मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहने की और सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। तापमान की बात करें तो यूपी में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
यूपी में घने कोहरे से गिरी विजिबिलिटी
यूपी में फिलहाल कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है। लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। साथ ही घने कोहरे का प्रकोप भी यूपी के कुछ हिस्सों में बढ़ा है। पश्चिमी तराई और उत्तराखंड से सटे जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलने लगा है। जिसके कारण सुबह के समय दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई। सोमवार को बरेली में लगातार दूसरे दिन सुबह के समय दृश्यता शून्य दर्ज हुई। प्रदेश के अन्य इलाकों में कोहरा घने से मध्यम के बीच रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।
शाहजहांपुर रहा सबसे गर्म
यूपी में सोमवार को सबसे अधिक तापमान शाहजहांपुर में रहा। जहां का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री, प्रयागराज में 28.6 डिग्री, हमीरपुर में 28.2 डिग्री और वाराणसी में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी में सबसे न्यूनतम तापमान वाले 5 जिलों में मेरठ, बाराबंकी, इटावा, कानपुर नगर और मुजफ्फरनगर रहे। जिनका तापमान 10 डिग्री के अंदर रहा।
