UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22-Sep-2025: नवरात्रि (Navratri 2025) की शुरुआत के साथ ही यूपी का मौसम फिर बदलने लगा है। प्रदेश में बारिश का दौर कम हो गया है और एक बार फिर उमस वाली गर्मी बढ़ने लगी है। इससे यूपी के लोग परेशान नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 22 सितंबर के बाद से प्रदेश में बारिश होने की संभावना कम नजर आ रही है। बारिश की कमी के साथ यहां तापमान भी बढ़ने लगा है। यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। प्रदेश में मौसमी गतिविधियों को देखते हुए कहा जा रहा है कि दशहरे (Dussehra 2025) तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि इस दौरान हल्की बारिश या बारिश की बौछार हो सकती है। आइए अब बताए कैसा रहेगा मौसम का हाल -
यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश से मानसून विदा होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आगामी दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बारिश की बौछार देखने को मिल सकती है। लेकिन इस दौरान भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में दशहरे तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी होगी। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने 25 सितंबर को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। लेकिन हल्की बारिश होगी या मध्यम स्तर की बारिश इसको लेकर कोई सूचना जारी नहीं की गई है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
23-24 सितंबर को यूपी का मौसम साफ बना रहेगा। इन दो दिन बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है। इसके बाद 25 सितंबर को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। उसके बाद 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के दोनों यानी पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है।
यूपी से कब होगी मानसून की विदाई
उत्तर प्रदेश में मानसून विदाई की ओर है, लेकिन अभी पूरी तरह से वापस नहीं लौटा है। यही कारण है कि आगामी दिनों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। माना जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह तक यूपी के मानसून की पूरी तरह से विदाई हो जाएगी। उसके बाद कुछ दिनों की भीषण गर्मी के बाद हल्की सर्दियों की शुरुआत होगी।
