उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में भरत ज्वैलर्स में दिनदहाड़े डकैती का आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया। एसटीएफ के डिप्टी एसपी धर्मेश शाही की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी डकैत मंगेश यादव को मार गिराया गया। सुल्तानपुर के कोतवाली देहात के मिसिरपुर पुरैना इलाके में यह मुठभेड़ हुई है। जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल मंगेश को सीएचसी भधइयां में इलाज के लिए भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मंगेश यादव की मौत हो गई।
मौके से हथियार और गोली बरामद
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मौके से 32 बोर की एक पिस्टल, कारतूस, 315 बोर का एक तमंचा, एक बाइक और लूटे गए जेवर बरामद हुए हैं। बता दें कि आरोपी मंगेश मूल रूप से जौनपुर के रहने वाला था और उस पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज थे। बीते महीने 28 अगस्त को सुल्तानपुर में भरत ज्वैलर्स के यहां दिन दहाड़े डकैती डाली गई थी। इस वारदात में मंगेश यादव भी शामिल था। इससे पहले पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को भी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था।
डेढ़ करोड़ की हुई थी डकैती
आपको बता दें कि 28 अगस्त को बदमाशों ने सुल्तानपुर के भारत ज्वेलर्स के यहां डेढ़ करोड़ की डकैती डाली थी। वारदात के बाद से ही पुलिस और यूपी एसटीएफ मामले के खुलासे में लगे थे। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से तीन बदमाशों की लोकेशन मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगी गोली
आरोपी द्वारा फायरिंग शुरू करने के बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। तीनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस के मुताबिक, डकैती की वारदात में कुल पांच बदमाश शामिल थे। इनमें से तीन गिरफ्तार हो चुके हैं और अब एक को एसटीएफ ने मार गिराया। एक अन्य बदमाश की तलाश की जा रही है।
