महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह इतना चिंताजनक है कि स्वयं प्रधानमंत्री ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले की प्राचीर से इसका जिक्र किया। बाद कोलकाता में मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप और हत्या की हो या दूर-दराज के इलाकों में महिलाओं के साथ होने वाली दरिंदगी। हर जगह महिलाओं को के खिलाफ अपराध लगातार हो रहे हैं। चिंताजनक बात तो ये है कि वे अपने, जिन पर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, वही उनके साथ दरिंदगी को अंजाम देते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद से सामने आया है।
घटना मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र की है। जिस पति पर अपनी पत्नी की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने महिला को ऐसा जख्म दिया कि उसे अथाह पीड़ा सहन करनी पड़ी। बड़ी बात यह है कि आरोपी स्वयं पुलिसकर्मी भी है, जिस पर समाज की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी है। लेकिन इस पुलिसकर्मी ने ही अपनी पत्नी के खिलाफ खौफनाक अपराध को अंजाम दिया।
जिसने भी इस घटना के बारे में सुना उसके रोंगटे खड़े हो गए। आरोपी सिपाही ने बंद कमरे में पत्नी की रातभर पिटाई की और प्लास (Plier) से उसके पैरों की उंगलियों के नाखून तक खींच लिए। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो उसने दरिंदगी की सारी सीमाएं लांघते हुए पत्नी के प्राइवेट पार्ट में गर्म सरिया डाल दिया। यही नहीं उसने अपनी पत्नी की छाती भी गर्म पेचकस से जला दी।
पीड़ित महिला को उसके परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस दरिंदगी को अंजाम देने वाले विकास नाम के सिपाही और उसके परिजनों के खिलाफ पाकबड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अस्पताल के बेड पर मौजूद महिला ने मीडिया को बताया कि उनके साथ पिछले महीनेभर से मारपीट हो रही है। उसका कहना है कि बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट की जा रही है। उसने बताया कि शरीर का कोई ऐसा अंग नहीं है, जहां पर उसे चोट नहीं है। उसने बताया कि पति ने उसके प्राइवेट पार्ट को गर्म सरिए से दागा है। महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग इसमें शामिल हैं, उन्हें इसकी जानकारी है।
महिला ने बताया कि उसका पति सिपाही उन्नाव जिले में तैनात है और मूलरूप से मुरादाबाद का ही रहने वाला है। गंभीर रूप से घायल महिला और उसके परिजनों ने राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ने दरिंदगी करने वाले सिपाही विकास को गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाने की बात कही है।
