लखनऊ

डिजिटल इंडिया की दिशा में योगी सरकार का सशक्त कदम; AI से समाज कल्याण योजनाएं होंगी पेपरलेस, तेज और भरोसेमंद

योगी सरकार समाज कल्याण योजनाओं को अधिक पारदर्शी, सटीक और गड़बड़ी-मुक्त बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा ले रही है। इस तकनीक के माध्यम से लाभार्थियों की पहचान, डाटा सत्यापन और योजनाओं की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। यह पहल योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: ANI)

Photo : ANI

AI Welfare Schemes in UP: योगी सरकार समाज कल्याण योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गड़बड़ी रहित बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद लेने की तैयारी में है। समाज कल्याण विभाग अब वृद्धावस्था पेंशन, पारिवारिक लाभ, छात्रवृत्ति और सामूहिक विवाह जैसी जनहितकारी योजनाओं की निगरानी को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य इन योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है, साथ ही प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पेपरलेस, तेज और उत्तरदायी बनाना भी है। विभाग अब योजनाओं में किसी भी तरह की अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए AI आधारित निगरानी प्रणाली को लागू करने पर विचार कर रहा है।

समाज कल्याण योजनाओं में AI का उपयोग

हाल ही में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की उपस्थिति में 'समाज कल्याण योजनाओं में एआई का उपयोग' विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस तकनीक की मदद से लाभार्थियों की पहचान, डाटा सत्यापन और योजनाओं के क्रियान्वयन में सटीकता लाई जाएगी। इसके माध्यम से न केवल गड़बड़ियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा, बल्कि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर और सुनिश्चित रूप से पहुंच सकेगा।

छात्रों को योजनाओं का लाभ

योगी सरकार समाज कल्याण योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं में पहले ही ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम को सुदृढ़ किया जा चुका है। छात्रवृत्ति योजना में छात्रों को अब हर बार पंजीकरण की जटिल प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा क्योंकि विभाग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन नंबर की सुविधा शुरू की है। यह नई व्यवस्था न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि पात्र छात्रों को योजनाओं का लाभ आसानी से और बिना रुकावट प्रदान करने में मदद करेगी।

आवेदनों की जांच प्रक्रिया में तेजी

AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के उपयोग से इस प्रक्रिया में और अधिक सटीकता आएगी। इससे न केवल फर्जी आवेदनों पर रोक लगेगी, बल्कि वास्तविक लाभार्थियों को समय पर और त्वरित लाभ मिल सकेगा। डाटा एनालिटिक्स के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि योजना का लाभ केवल उन्हीं लोगों तक पहुंचे जो इसके वास्तविक हकदार हैं। साथ ही, एआई-आधारित सत्यापन प्रणाली आवेदनों की जांच प्रक्रिया को तेज बनाएगी और फर्जीवाड़े की पहचान तुरंत संभव होगी।

डिजिटल युग का शुभारंभ

योगी सरकार की यह पहल समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को डिजिटल युग के अनुरूप एक नई दिशा दे रही है। पेपरलेस कार्यप्रणाली को अपनाने से जहां कागजी औपचारिकताओं में कमी आएगी, वहीं योजनाओं के क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के समावेश से डाटा प्रबंधन, लाभार्थी सत्यापन और योजना निगरानी जैसी प्रक्रियाओं में अभूतपूर्व सुधार आएगा। इससे न केवल प्रशासनिक कार्य प्रणाली अधिक सरल और दक्ष बनेगी, बल्कि आम जनता का भरोसा भी सरकारी व्यवस्था पर और मजबूत होगा।

AI आधारित निगरानी प्रणाली का कदम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार इस बात पर बल देते आए हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से पहुंचे। एआई-आधारित निगरानी प्रणाली इस लक्ष्य की ओर एक अहम कदम मानी जा रही है। समाज कल्याण विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है और जल्द ही एआई-समर्थित व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article