लखनऊ

अतीक अहमद और अशरफ की हत्या की होगी SIT जांच, यूपी पुलिस ने किया ऐलान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 17, 2023, 02:53 PM IST

15 अप्रैल को रात करीब 10.40 बजे प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक और उसके भाई की कैमरे के सामने सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई थी।

Image

अतीक अहमद और अशरफ की हत्या की होगी एसआईटी जांच

Photo : PTI

Atiq Ahmed Killed: अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्‍या के मामले की जांच के लिए प्रयागराज पुलिस आयुक्‍त ने तीन सदस्‍यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्‍यवस्‍था) प्रशांत कुमार ने आज यह जानकारी दी। 15 अप्रैल को रात करीब 10.40 बजे प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय दोनों की कैमरे के सामने सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई थी।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्‍यवस्‍था) प्रशांत कुमार ने सोमवार को एक बयान में बताया कि प्रयागराज के पुलिस आयुक्‍त आर के विश्वकर्मा के आदेश पर अपर पुलिस उपायुक्‍त, अपराध (मुख्‍य विवेचक) के नेतत्व में तीन सदस्‍यीय एसआईटी गठित की गई है। उन्‍होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्य निगरानी टीम का भी गठन किया गया है। बयान में कहा गया है कि इस टीम के प्रमुख प्रयागराज के अपर पुलिस महानिदेशक होंगे और प्रयागराज के पुलिस आयुक्‍त और लखनऊ स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक इसके सदस्‍य होंगे।

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला

बता दें कि माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इन दोनों हत्याओं की जांच एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से कराने की मांग करते हुए शीर्ष अदालत में अर्जी दायर की गई है। इस अर्जी में मांग की गई है कि सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की अगुवाई वाली समिति 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए मुठभेड़ों की जांच करे।

दायर की गई जनहित याचिका

सुप्रीम कोर्ट में यह जनहित याचिका वकील विशाल तिवारी की ओर से दायर की गई है। इस अर्जी में साल 2017 के बाद यूपी में हुए 183 मुठभेड़ों की जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की गई है। इस अर्जी में मुठभेड़ों पर डीजीपी (कानून-व्यवस्था) के आंकड़ों का जिक्र किया गया है। इस घटना के कुछ घंटे पहले अहमद के बेटे असद का अंतिम संस्कार किया गया था, जो 13 अप्रैल को झांसी में पुलिस मुठभेड़ में अपने एक साथी के साथ मारा गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के छह वर्षों में 183 कथित अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है और इसमें असद और उसके साथी भी शामिल हैं।

अतीक को लगीं 9 गोलियां

गैंगस्टर अतीक अहमद की सनसनीखेज हत्या के बाद उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उसे कुल 9 गोलियां लगी थीं। एक गोली उसके सिर पर लगी। 15 अप्रैल को प्रयागराज में मेडिकल जां चके लिए ले जाते समय तीन युवकों ने अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी थी। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया है कि अतीक को 9 गोलियां लगी थीं। जबकि पांच गोलियां उसके भाई अशरफ शरीर से निकाली गईं। पुलिस दोनों को मेडिकल चेक-अप के लिए ले जा रही थी तभी मीडियाकर्मी बनकर आए तीन युवकों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें