उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में रोडवेज बस पुल से खाई में पलट जाने से पांच सवारियों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। स्थानीय पुलिस, मलिहाबाद पुलिस और दमकल विभाग मौके पर बचाव अभियान चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को मौके पर पहुँचकर बचाव एवं राहत कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी विशाख जी. ने ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर जानकारी दी। हादसे में घायल लोगों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है और सभी को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम ने डॉक्टरों से मुलाकात कर घायलों के इलाज की व्यवस्था देखी और कहा कि प्रशासन की ओर से हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
