Sambhal Crime News: उत्तर प्रदेश के संभल से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। संभल में जेल से छूटकर बाहर आए रेप के आरोपी ने पीड़िता की गोली मारकर हत्या कर दी है। करीब छह महीने पहले आरोपी ने पीड़िता के साथ रेप किया था, जिसके बाद वह जेल चला गया था। जानकारी के अनुसार, करीब 20 दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने इस दर्दनाक घटना को अंजाम दे दिया।
सरेआम बाल पकड़कर घसीटा
जानकारी के अनुसार, रेप पीड़िता किशोरी अपनी मां और भाई के साथ बाइक पर कहीं जा रही थी, तभी आरोपी ने उसका पीछा किया और उसकी बाल को खींचकर उसे बाइक से उतारा, फिर गोली मार दी। गोली लगने के बाद मौके पर ही किशोरी की मौत हो गई। यह घटना संभल जनपद के कैला देवी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जेल से बाहर निकलते ही मारी गोली
बता दें कि छह महीने पहले आरोपी ने किशोरी को अपनी बातों में बहला फुसलाकर उसके साथ रेप किया था। जानकारी के अनुसार, किशोरी गाजियाबाद के साहिबाबाद में माता-पिता के साथ रहती थी और आरोपी ने साहिबाबाद में ही किशोरी के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद वह जेल भेज दिया गया था, लेकिन जेल से बाहर निकलते ही उसने पीड़िता की हत्या कर दी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है और पुलिस छानबीन में जुट गई है।
