नई दिल्ली: एटीएस अफसर की पूछताछ के बाद छांगुर बाबा और नीतू से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक छांगुर ने पूछताछ में बताया है कि पिछले साल वो नीतू के साथ बलरामपुर से लखनऊ के विकासनगर के होटल स्टार रूम्स में आकर ठहरा था। यूपी की राजधानी लखनऊ में ये दो महीने रुके थे और यहां से धर्मांतरण नेटवर्क चलाया। जानकारी यह भी मिली है कि छांगुर कमरे से कम ही निकलता था।
पहले दिन की पूछताछ में छांगुर ने 15 साल से धर्मांतरण कराने की बात कबूली है। गिरोह पर शिकंजा कसने पर वह नीतू उर्फ नसरीन के साथ लखनऊ के विकासनगर स्थित होटल में रुका था। जहां से उन्होंने धर्मांतरण का रैकेट चलाया।
छांगुर से मिलने आया था वकील
पूछताछ में छांगुर ने बताया है कि 16 अप्रैल को पहले नीतू होटल आई फिर छांगुर भी आ गया। मैनेजर ने दोनों को कमरा नंबर 102 दिया। आईडी के तौर पर दोनों ने आधार कार्ड लगाए, जिस पर नीतू नवीन रोहरा लिखा था। पांच दिन बाद दोनों ने कमरा बदलवा कर 105 ले लिया। होटल कर्मी ने एटीएस को बताया कि छांगुर से मिलने एक वकील आया था। होटल स्टाफ दोनों को पति-पत्नी समझता रहा लेकिन उम्र में अंतर को देखकर उन्हें संशय हुआ ।
40 बैंक खातों में 100 करोड़ से भी ज्यादा रकम
ईडी की लखनऊ जोनल इकाई ने बुधवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया था, जिसमें लखनऊ के गोमती नगर पुलिस थाने में जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और कुछ अन्य के खिलाफ एटीएस की प्राथमिकी का संज्ञान लिया गया।
एजेंसी सूत्रों ने बताया कि ईडी को प्रारंभिक जानकारी मिली है, जिससे पता चलता है कि इस व्यक्ति ने अपने और अपने सहयोगियों से जुड़े 40 बैंक खातों में लगभग 106 करोड़ रुपये जमा किए हैं, जिनमें से ज्यादातर पश्चिम एशिया से हैं।
पिछले हफ्ते एटीएस ने की थी गिरफ्तारी
पिछले सप्ताह एटीएस की टीम ने छांगुर बाबा और उसके एक सहयोगी को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। बाबा पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। एटीएस इससे पूर्व छांगुर के बेटे और नवीन रोहर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बाबा और उसके सहयोगियों पर 100 करोड़ रुपये का विदेशी अनुदान हासिल करने का भी आरोप है जिसकी जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय को कहा गया है। एटीएस ने इस मामले में कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है जिसमें छांगुर बाबा, नीतू रोहरा, नीतू के पति नवीन रोहरा सहित चार लोगों की अब तक गिरफ्तारी हो चुकी है। (भाषा इनपुट के साथ)
