लखनऊ

हादसे से पहले जिस युवक ने किया था LIVE, वो बेटा होने पर गया था 'पशुपतिनाथ'; बीवी को नहीं बताई गई मौत की बात

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 16, 2023, 08:53 AM IST

Nepal Plane Crash Latest News: नेपाल में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में से चार लोग उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने रविवार को 'पीटीआई-भाषा' से फोन पर कहा,"नेपाल में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों में गाजीपुर के सोनू जायसवाल, अनिल राजभर, अभिषेक कुशवाहा और विशाल शर्मा भी शामिल हैं। वे कासिमाबाद तहसील के विभिन्न गांवों के रहने वाले थे।"

Nepal Plane Crash Latest News: नेपाल में हुए प्लेन क्रैश (यति एयरलाइंस का) हादसे से ऐन पहले जिस युवक ने फेसबुक लाइव (सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर वीडियो लाइव) किया था, वह पुत्र प्राप्ति की मन्नत पूरी होने पर पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू में भगवान शिव को समर्पित मंदिर) में मत्था टेकने गया था। मृतक की पहचान सोनू जायसवाल के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि हाल ही में उनकी यह मन्नत पूरी हुई थी। समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा से बातचीत के दौरान रिश्तेदार और चक जैनब गांव के प्रधान विजय जायसवाल ने कहा- 35 साल के युवक की दो बेटियां हैं। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से मन्नत मानी थी कि अगर उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई तो वह मंदिर में दर्शन करने जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा, "सोनू तीन दोस्तों (25 साल के अभिषेक कुशवाहा, 22 वर्ष के विशाल शर्मा और 27 साल के अनिल कुमार राजभर) के साथ 10 जनवरी को नेपाल गया था। उनका इकलौता मकसद भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करना था, क्योंकि बेटा होने की उसकी इच्छा हाल में पूरी हुई थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उसका बेटा अभी छह महीने का है।" सोनू का अलावलपुर चट्टी में घर है, पर मौजूदा समय में वह वाराणसी के सारनाथ में रह रहा था। जिले में उसकी शराब की दुकान भी है।

विजय के मुताबिक, जैसे ही इस दुर्घटना की खबर फैली पूरा गांव सोनू के घर के बाहर जमा हो गया था। लोग उसके सही-सलामत होने की कामना करने लगे थे, क्योंकि वे मान कर चल रहे थे कि वह ठीक होगा। हालांकि, जिला प्रशासन के अधिकारी बाद में निराश करने वाली खबर लेकर आए। उन्होंने कहा, "सोनू की पत्नी और बच्चों को अभी तक घटना के बारे में नहीं बताया गया है। वे दूसरे घर में हैं।" ग्रामीणों के अनुसार, सोनू और दोस्तों को लोकप्रिय पर्यटन स्थल पोखरा में पैराग्लाइडिंग का आनंद लेने के बाद मंगलवार को गाजीपुर लौटना था।

अधिकारियों ने बताया, "चारों मंदिर के पास गौशाला में रुके थे और फिर पोखरा जाने से पहले थमेल में होटल ‘डिस्कवरी इन’ में रुके थे। वे गोरखपुर के रास्ते पोखरा से भारत लौटने की योजना बना रहे थे। यति एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा कि अभी तक किसी के जीवित बचने की कोई सूचना नहीं है।" येती एयरलाइंस का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पांच भारतीयों सहित कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई।

नेपाल में एटीआर-72 विमान से जुड़ा पहला हादसा

दरअसल, नेपाल में रविवार को विमान दुर्घटना में 68 लोगों की मौत हो गई। देश में एटीआर-72 विमान से जुड़ा यह पहला हादसा था। विमान में चालक दल के चार सदस्यों समेत 72 लोग सवार थे। नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएन) ने बताया कि यति एअरलाइन के 9एन-एएनसी एटीआर-72 विमान ने पूर्वाह्न 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते वक्त विमान पुराने हवाई अड्डे और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

बचाव-तलाशी अभियान सोमवार से फिर होगा

हादसे में बचाव और तलाशी अभियान रोक दिया गया है और खड़ी चट्टानों से घिरी गहरी नदी की खाई में फंसे शेष शवों की तलाश के लिए सोमवार को फिर से अभियान शुरू होगा। 'माय रिपब्लिका' साइट की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों के शवों की पहचान सभी शवों को इकट्ठा कर लिये जाने के बाद ही शुरू होगी। सोमवार को सभी नियमित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एअरलाइंस के मुताबिक, सोमवार को केवल आपातकालीन और बचाव उड़ानें ही संचालित होंगी।
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!