Pokhara Plane Crash: नेपाल (Nepal Aircraft Crash) के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नजदीक आज एक 72 सीटों वाले विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। नेपाल की सेना के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काठमांडू जाने वाली फ्लाइट एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 20 मिनट बाद ही क्रैश हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप खूब शेयर की जा रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह प्लेन क्रैश होने से पहले का वीडियो है।
भयावह वीडियो
एक वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान बीच हवा में अपना संतुलन खो देता है और जोर की आवाज के साथ जमीन पर गिर जाता है। एक अन्य क्लिप में दुर्घटनाग्रस्त विमान से धुएं के साथ भीषण आग दिखाई दे रही है, जबकि स्थानीय लोग और राहत दल यात्रियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने एक क्लिप साझा की, जिसमें बचाव दल आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
कुल 68 यात्री थे सवार
विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने काठमांडू पोस्ट को बताया कि यह पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय अधिकारी गुरुदत्त ढकाल ने बताया कि मलबे में आग लगी हुई थी और बचावकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। रॉयटर्स के मुताबिक, विमान में पांच भारतीयों समेत करीब 15 विदेशी नागरिक सवार थे।
