Lucknow Suicide: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवक ने खौफनाक कदम उठाया। वह पत्नी के मायके से नहीं लौटने से खासा नाराज था। युवक ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया था। फांसी लगाने की पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, काकोरी इलाके के दुबग्गा के उमरावखेड़ा में एक युवा किसान ने मोबाइल का कैमरा ऑन कर गुरुवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। जब शुक्रवार सुबह देर तक युवक नहीं उठा तो परिजनों ने उसे आवाज दी। जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो साड़ी के फंदे से शव लटका हुआ था। मोबाइल में 16 मिनट 51 सेकंड का वीडियो भी मिला।
पुलिस ने बताया कि, युवक भैया दूज पर पत्नी को मायके लेकर गया था, लेकिन पत्नी वापस नहीं आई। इससे युवक नाराज हो गया और गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल में कैद हुई पूरी घटना
दुबग्गा के उमरावखेड़ा के रहने वाला रंजीत यादव (28) गुरुवार को भैया दूज पर पत्नी और दो वर्षीय बेटे के साथ समाधानपुरवा स्थित ससुराल गया था। पत्नी मायके से वापस नहीं आई। भाई संजय ने बताया कि, रंजीत घर आया, उसने किसी से कोई बात नहीं की। सीधे कमरे में चला गया। उसने पीछे वाले कमरे में जाने से पहले आगे वाले कमरे में ताला लगा लिया था। जब वह सुबह देर तक नहीं उठा तो दरवाजा खटखटाया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर रंजीत का फोन मिलाया गया, लेकिन फिर भी कोई जवाब नहीं मिला।
मोबाइल में 16 मिनट 51 सेकंड का वीडियो मिला
भाई संजय ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। कमरे में रंजीत का शव लटका मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि, रंजीत के मोबाइल का कैमरा ऑन था। मोबाइल में 16 मिनट 51 सेकंड का वीडियो मिला है। इस वीडियो में रंजीत फांसी लगाते हुए दिखाई दे रहा है। सबसे पहले, रंजीत ने साड़ी का फंदा गले में डाला और स्टूल पैर से खिसकाया। फांसी पर झूलने के दौरान नौ मिनट आठ सेकंड तक उसकी सांसें भी चलती रहीं। इसके बाद शरीर शांत होता गया। पुलिस ने दोनों कमरों का ताला तोड़कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि, रंजीत नशे का आदी था। उसकी जेब से गांजे की पुड़िया बरामद हुई है।
जांच में पत्नी के साथ विवाद की बात आई सामने
पुलिस जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। सब इंस्पेक्टर सुबोध ने बताया कि, मायके से पत्नी वापस क्यों नहीं आई, इस बारे में पूछताछ होगी। मृतक के भाई संजय ने बताया कि, रंजीत और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था। इस पर उसने खौफनाक कदम उठाया।
