लखनऊ

लखनऊ में तैयार हुआ मुंशी पुलिया Flyover,जानें किन इलाकों को होगा फायदा

नवाबों की नगरी लखनऊ में एक और फ्लाइओवर बनकर तैयार हो गया है। अब इसके उद्घाटन का इंतजार है। इसके खुलने से शहर के पॉश इलाके इंदिरा नगर सहित आसपास के इलाकों में जाम से मुक्ति मिलेगी। करीब 2 किमी लंबे मुंशी पुलिया फ्लाइओवर का काम 1 साल में ही पूरा कर लिया गया है।

Image

लखनऊ में बनकर तैयार हुआ मुंशी पुलिया फ्लाइओवर

Photo : Twitter

अगर आप उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। खुशखबरी ये है कि शहर का एक और प्रमुख फ्लाइओवर बनकर तैयार हो चुका है और अब बस उसके उद्घाटन का इंतजार है। उम्मीद की जा रही है कि अगस्त की शुरुआत में ही इस फ्लाइओवर का उद्घाटन भी हो जाएगा, जिसके बाद आप इस पर फर्राटा भर पाएंगे। करीब 2 किमी लंबे इस फ्लाइओवर के बनने आपके एक तरफ से सफर के कम से कम 20-30 मिनट बचेंगे। तो फिर देर किस बात की, चलिए जानते हैं इस फ्लाइओवर के बारे में सब कुछ -

मुंशी पुलिया फ्लाइओवरजिस फ्लाइओवर की बात हम यहां कर रहे हैं, उसे मुंशी पुलिया फ्लाइओवर कहा जाता है। यह फ्लाइओवर लखनऊ के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। यह लखनऊ के पॉश इलाके इंदिरा नगर के बहुत ही नजदीक है। जहां यह फ्लाइओवर बना है, वह क्षेत्र लखनऊ के आवासीय, वाणिज्यिक और परिवहन हब के रूप में पहचाना जाता है। यह क्षेत्र लखनऊ में व्यापार और व्यवसाय के लिए ही नहीं सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के लिए भी महत्वपूर्ण है।

किस ओर बना फ्लाइओवर

इस फ्लाइओवर को लखनऊ के मुंशी पुलिया से अयोध्या रोड की तरफ बनाया गया है। कुल 1.9 किमी लंबा और 4 लेन का यह फ्लाइओवर बनकर तैयार हो चुका है। मुंशी पुलिया से शुरू होकर यह फ्लाइओवर पॉलिटेक्नीक चौराहा होते हुए अयोध्या रोड की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं होगा।
Munshi Puliya Flyover

मुंशी पुलिया फ्लाइओवर

ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

इस फ्लाइओवर को सौगात इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि इसके आम जनता के लिए खुलने के बाद इस पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति में बहुत बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। अभी मुंशी पुलिया से अयोध्या रोड की तरफ जाने में कम से कम 20-30 मिनट लगते हैं। ट्रैफिक जाम की स्थिति में यहां लोगों को घंटों सड़क पर बिताने पड़ते हैं। इस प्लाइओवर के खुल जाने से 1.9 किमी की यह दूरी सिर्फ 5 मिनट में पूरी हो जाएगी।

अद्भुत होगा ये नजारा

फ्लाइओवर के खुल जाने के बाद आप लखनऊ मेट्रो के साथ-साथ अपनी कार या बाइक से सफर कर पाएंगे। क्योंकि इस फ्लाइओवर को मुंशी पुलिया से इंदिरा नगर मेट्रो लाइन के साथ-साथ यानी पैरलल बनाया गया है। एक तरफ मेट्रो और एक तरफ आप अपनी गाड़ी में फ्लाइओवर पर फर्राटे मार रहे होंगे, यह सच में अद्भुत नजारा होगा।
एक नजर में मुंशी पुलिया फ्लाइओवर
लंबाई 1.9 किलोमीटर
चौड़ाई4 लेन रोड
लागत 170 करोड़
कब शुरू हुआ निर्माणअप्रैल 2023

एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है फ्लाइओवर

मुंशी फ्लाइओवर दरअसल टेढ़ी पुलिया से पॉलिटेक्नीक तक बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है। इसका एक हिस्सा यानी मुंशी फ्लाइओवर तो बनकर तैयार है और इसे जल्द ही ट्रैफिक के लिए खोल भी दिया जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर का दूसरा हिस्सा खुर्रम नगर फ्लाइओवर है, जो इंदिरा नगर से टेढ़ी पुलिया तक होगा।
Munshi Puliya Flyover and Metro

मुंशी पुलिया फ्लाइओवर। Photo Source - @theupindex

रिकॉर्ड समय में काम पूरा

मुंशी फ्लाइओवर को बनाने का काम रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। इस 1.9 किमी लंबे 4 लेन फ्लाइओवर के निर्माण का काम अप्रैल 2023 में शुरू हुआ था। करीब 170 करोड़ की लागत से यह फ्लाइओवर अब उद्घाटन के लिए तैयार हो चुका है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article