शहर

12 और शहरों को लगेंगे पंख, उड़ान स्कीम से जुड़कर आसमान से बातें करेंगे यहां के लोग

उड़े देश का आम नागरिक इसी मिशन के साथ साल 2016 में उड़ान स्कीम की शुरुआत हुई थी। देशभर में कुल 58 एयरपोर्ट से 579 रूटों पर उड़ान सेवा संचालित हो रही है। इसी साल 12 और एयरपोर्ट इस सेवा से जुड़ जाएंगे।

Image

उड़ान सेवा

Photo : PTI

केंद्र सरकार ने बड़ी ही धूमधाम से उड़ान सेवा (UDAN Scheme) शुरू की थी। इसका मकसद देश के छोटे-छोटे शहरों को भी हवाई मार्ग से जोड़ना है। इसके तहत कई छोटे शहरों में एयरपोर्ट (Airport) बनाए जा रहे हैं और वहां के लोगों को हवाई यात्रा का एक्सपीरियंस दिया जा रहा है। बीच में यह उड़ान स्कीम कुछ सुस्त पड़ गई थी। लेकिन अब सरकार एक बार फिर इसको लेकर अग्रेसिव हो गई है। जल्द ही देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 12 नए एयरपोर्ट शुरू किए जाएंगे, जिससे उड़ान स्कीम को और लंबी उड़ान मिलेगी।

सरकार इसी साल देश के 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बन रहे 12 नए एयरपोर्ट को शुरू करने जा रही है। इससे देश में रीजनल कनेक्टिविटी को बूस्ट मिलेगा। इन 12 नए एयरपोर्ट में से एक कार निकोबार का शिबपुर भी है।

राज्यसभा में लिखित स्टेटमेंट

सोमवार को राज्यसभा में एक लिखित स्टेटमेंट में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुर्लीधर मोहोल (Minister of State for Civil Aviation Murlidhar Mohol) ने बताया कि उड़ान एक लगातार चलने वाली पहल है, जिसमें और ज्यादा गंतव्यों और रूटों पर कवरेज का विस्तार करने के लिए समय-समय पर बोली लगाई जाती है।

उन्होंने कहा, ऐसे हवाई अड्डों की पहचान की जाती है, जिनका कम या बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं हो रहा है। इसके बाद उनका पुनरुद्धार या अपग्रेडेशन करके एक वैध बोली प्रक्रिया के जरिए चनियित एयरलाइन ऑपरेटर को सौंपा जाता है।

उड़ान से जुड़ेंगे ये 12 एयरपोर्ट

इस साल देशभर के 12 एयरपोर्ट को उड़ान सेवा से जोड़ा जाएगा। उनके नाम हैं - शिबपुर (कार निकोबार), अंबिकापुर (छत्तीसगढ़), रीवा और दतिया (मध्य प्रदेश) अमरावती और सोलापुर (महाराष्ट्र), दमन (दमन एंड दीव), अंबाला (हरियाणा), मुरादाबाद और सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), वेल्लोर और नेवली (तमिलनाडु)।

इन हवाई अड्डों, रेलीपोर्ट्स और वायर एयरोड्रोम्स के पुनरुद्धार और विकास के लिए योजना के पहले चरण में 4500 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 1000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। 30 जून 2024 तक पहले चरण के तहत 4073 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

85 एयरोपोर्ट जुड़े उड़ान योजना से

उड़ान (UDAN - उड़े देश का आम नागरिक) स्कीम की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। फिलहाल इसके तहत कुल 85 एयरपोर्ट जुड़े हैं, जिसमें 13 हेलीपोर्ट और 2 वायर एयरोड्रोम्स भी शामिल हैं। इन 85 एयरपोर्ट से कुल 579 रूट पर उड़ान सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article