लखनऊ

Lucknow News: लखनऊ में किसानों के लिए खुलेगा शानदार Mall, सात मंजिला एग्री मॉल में होंगी ये सुविधाएं

  • Authored by: किशोर जोशी
  • Updated Dec 29, 2022, 11:47 AM IST

Agri-Mall in Lucknow: लखनऊ में खुलने वाले इस मॉल से किसानों को बाजार मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि यहां किसान सीधे अपने फल, सब्जियों की बिक्री कर सकेंगे। उपभोक्ताओं को भी अच्छी गुणवत्ता के फल, सब्जियां और खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेंगे।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : iStock

Agri-Mall in Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने किसानों (Farmers) को एक शानदार तोहफा दिया है। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, बेहतर ब्रांडिंग और सही बाजार के लिए लखनऊ में ‘एग्री मॉल’(Agri-Mall) खोलने के निर्देश दिये हैं। गोमतीनगर के विकल्प खंड में उपलब्ध लगभग 8000 वर्गमीटर भूमि पर इस मॉल को बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके जरिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, बेहतर ब्रांडिंग और सही बाजार मिल सकेगा।

सीएम ने कही ये बात

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, उत्पाद की ब्रांडिंग हो, सही बाजार मिले, इसके लिए राजधानी लखनऊ में ‘एग्रो मॉल’ स्थापित किया जाना आवश्यक है। यहां किसान सीधे अपने फल, सब्जियों की बिक्री कर सकेंगे और उपभोक्ताओं के लिए अच्छी गुणवत्ता के फल, सब्जियां और खाद्यान्न उपलब्ध होंगे।’ मुख्यमंत्री ने एग्रो मॉल में किसानों के विश्राम के लिए आवश्यक सुविधाएं स्थापित करने की हिदायत दी। गोमतीनगर के विकल्प खंड में उपलब्ध लगभग आठ हजार वर्ग मीटर भूमि में सात मंजिला आधुनिक एग्रो मॉल की स्थापना प्रस्तावित है। मॉल में किसानों/खरीदारों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

प्राथमिकता से पूरा होगा काम

योगी ने कहा कि कृषि उपजों की ई-नीलामी या डिजिटल प्लेटफॉर्म सर्विस प्रोवाइडर के वास्ते लाइसेंस बनवाने के लिए मंडी नियमावली में यथा आवश्यक संशोधन किया जाए। इसमें निजी क्षेत्र की सहभगिता किसानों को एक नया विकल्प देगी, साथ ही मंडी परिषद की आय में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नियोजित प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जैविक और प्राकृतिक उत्पादों के सत्यापन के लिए सभी मंडल मुख्यालयों पर टेस्टिंग लैब स्थापित कराने पर जोर देते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, ‘चरणबद्ध रूप से कृषि विज्ञान केन्द्रों पर ‘टेस्टिंग लैब’ स्थापित किए जाएं। इस कार्य को शीर्ष प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।’

किशोर जोशी
किशोर जोशीauthor

राजनीति में विशेष दिलचस्पी रखने वाले किशोर जोशी को और खेल के साथ-साथ संगीत से भी विशेष लगाव है। यह टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में नेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं। किशोर के पास डिजिटल मीडिया का 10 सालों का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article