Driving Training Centers: राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश में 58 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (डीटीसी) खुलेंगे। ड्राइवरों की लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने यह कदम उठाया है। यूपी के 58 जिलों में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे। सेंटर पर स्थाई डीएल जारी होने से पहले ऑटोमेटिक मशीन से टेस्ट लेकर अन्य ड्राइवर भी सेंटर से ट्रेनिंग ले पाएंगे, ताकि कम पढ़े लिखे ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षित होकर बेहतर ड्राइविंग करनी सीख सकें। ऐसे में सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। मंगलवार को इसको लेकर राज्य परिवहन प्राधिकरण की बैठक हुई, बैठक में लखनऊ समेत 58 जिलों में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने पर निर्णय लिया गया है।
राज्य परिवहन प्राधिकरण के अपर सचिव मंयक ज्योति के अनुसार, बैठक में दो मुद्दों पर निर्णय लिया गया है। पहला 17 जिलों में चल रहे ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के अलावा 58 और जिलों में खोलने की योजना को मंजूरी मिली है। इसके अलावा परिवहन निगम की 137 बसों के नवीनीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
