Lucknow News: जंगली जानवरों का खौफ सिर्फ जंगलों और गांवों तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब यूपी की राजधानी लखनऊ के रिहायशी इलाकों तेंदुए का डर पहुंच गया है। दरअसल रविवार रात को लखनऊ में एक कार सवार युवक को तेंदुआ दिखाई दिया। जिसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत अलर्ट हो गई। साथ ही रात में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है। वन विभाग ने लोगों से रात में घर से अकेले बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तेंदुए के पंजे के भी दिखे निशान
लखनऊ में रविवार रात को कैंट क्षेत्र में रोड क्रॉस करते हुए एक तेंदुआ कैमरे में कैद हो गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। जब इस घटना की सूचना वन विभाग को मिली तो टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना किया। टीम को इलाके में तेंदुए के पंजे के निशान भी मिले हैं। जिसकी तस्वीर भी सामने आई है। जिसके बाद वन विभाग ने इलाके में तीन-तीन कर्मियों को तैनात कर दिया है। साथ ही ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं। वन विभाग ने लोगों को अपने पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की भी सलाह दी है। साथ ही आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को सूचित करने की अपील की है।
पिछले साल भी कैंट इलाके में दिखा था तेंदुआ
राजधानी लखनऊ में यह पहली बार नहीं है, जब कैंट या आसपास के तेंदुआ को देखा गया हो। पिछले साल भी इसी इलाके में तेंदुए के पैर के निशान मिले थे। तब कई दिनों तक ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। जंगल से जुड़े ग्रीन कॉरिडोर की वजह से यह इलाका तेंदुओं के मूवमेंट के लिए सुरक्षित रूट बन गया है। लेकिन तेंदुए के वीडियो के बाद इलाके में दहशत है और देर रात को सड़के सन्नाटे से पसरी दिखी।
