Indian Railway: रेल यात्रियों के लिए अहम और जरूरी खबर है। पहले तो कोहरे की वजह से रेल गाड़ियों का संचालन प्रभावित हो रहा है। अब बुढ़वल सीतापुर रूट पर बिसवां से सरैया के बीच दोहरीकरण कार्य की वजह से रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों को लखनऊ के रास्ते चलाने का फैसला लिया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें देरी से भी चलेंगी। वहीं, समस्तीपुर में इंटरलॉकिंग कार्य के चलते सद्भावना समेत कई गाड़ियों का संचालन 27 दिसंबर तक प्रभावित रहेगा। ऐसे में इस रूट पर आवागमन करने वाले यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है।
पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 14015/16 सद्भावना एक्सप्रेस 23, 25 और 27 दिसंबर को बदले रूट रक्सौल, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर के रास्ते दौड़ेगी। इसके अलावा 14009 बापूधाम मोतिहारी आनन्द विहार एक्सप्रेस का संचालन 25 और 27 दिसंबर को बेतिया तक ही किया जाएगा। 23 और 24 दिसंबर को 09451/52 गांधीधाम भागलपुर ट्रेन गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर के रास्ते चलेगी।
