लखनऊ

Ayodhya News: अयोध्या में ऐतिहासिक पल, राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएंगे पीएम मोदी; सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

पीएम मोदी 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वज फहराएंगे। पीएम महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। जिसके बाद 2 किमी का रोड शो करते हुए राम मंदिर पहुंचेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो - PTI)

Photo : PTI

Ayodhya News: अयोध्या में 25 नवंबर की तारीख बेहद खास होने वाली है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के मुख्य शिखर पर विशेष केसरिया ध्वज फहराएंगे। साथ ही मंदिर के परकोटा के 6 मंदिरों में भी ध्वज फहराए जाएंगे। इस भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को पीएम मोदी 2 किमी लंबा रोड शो भी करेंगे। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद उनका संबोधन भी होगा।

हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे पीएम

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशन एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा साकेत महाविद्यालय आएंगे। यहीं से उनका रोड शो शुरू होगा, जो राम मंदिर तक जाएगा। पूरे मार्ग पर स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र रोड शो को 8 जोन में बांटा है और हर जोन की जिम्मेदारी अलग-अलग महिला समूहों को दी गई है। पीएम मोदी के लिए विशेष गेट बनाया गया है। पीएम गेट नंबर 11 से मंदिर में दाखिल होंगे और इसके लिए इस गेट को भी सजाया गया है।

पीएम 25 नवंबर को रखेंगे उपवास

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने बताया कि 25 नवंबर विवाह पंचमी को पीएम मोदी उपवास रखेंगे। वे सुबह 10 बजे राम मंदिर में अनुष्ठान में शामिल होंगे। जिसके बाद तय मुहूर्त में मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। जिसका मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक है। राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाने वाला ध्वज सूर्यदेव, कोविदार वृक्ष और ओम के चिन्ह से सुसज्जित रहेगा। इस ध्वज का रंग केसरिया, लंबाई 22 फुट और चौड़ाई 11 फुट है। इसे रस्सियों की मदद से 191 फुट की ऊंचाई पर ले जाया जाएगा। ध्वज चढ़ने के बाद 10 सेकेंड तक शंख ध्वनि होगी। जिसके बाद फूलों की भी वर्षा की जाएगी।

Vinod Mishra
विनोद मिश्रा author

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन ... और देखें

End of Article