लखनऊ

Ayodhya News: अयोध्या के प्रसाद में मिलावट; हनुमानगढ़ी के लड्डू के सैंपल जांच में फेल, तीन में से दो नमूने घटिया

अयोध्या के प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मंदिर में चढ़ाए जाने वाले लड्डू और घी के नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में तीन में से दो नमूने फेल पाए गए, जिससे मंदिर प्रशासन सतर्क हो गया है।

Image

अयोध्या में प्रसाद के लड्डू निकले नकली (सांकेतिक तस्वीर)

Ayodhya Laddu Sample Failed: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर के प्रसाद में मिलावट और घटिया गुणवत्ता का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग (fssai) की जांच में मंदिर में श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले लड्डू और घी के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।

मोबाइल वैन ने की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल वैन कल अयोध्या पहुंची, जहां हनुमानगढ़ी बाजार के लड्डू विक्रेताओं से लड्डू और घी के नमूने लिए गए। जांच में तीन में से दो नमूने गुणवत्ता मानकों पर फेल हो गए। सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ये वही लड्डू हैं जो बजरंगबली को चढ़ाए जाते हैं और अयोध्या आने वाले लगभग 99% श्रद्धालु इन लड्डुओं का प्रसाद ग्रहण करते हैं।

मंदिर प्रशासन ने जताई सख्ती

जांच के बाद मंदिर प्रशासन ने लड्डू विक्रेताओं के साथ बैठक की और उन्हें सख्त चेतावनी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे से प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी और बेसन की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होगा।

बाहर के व्यापारियों पर शक

कुछ स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि जिन व्यापारियों ने बाहर से दुकानें किराए पर ली हैं, वे ही लड्डुओं की गुणवत्ता में गड़बड़ी कर रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे विक्रेताओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

हनुमानगढ़ी मंदिर की महत्ता

हनुमानगढ़ी अयोध्या का एक ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा प्रमुख स्थल है। यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने और प्रसाद चढ़ाने आते हैं। इसलिए यहां प्रसाद की गुणवत्ता का सवाल केवल स्वच्छता का नहीं बल्कि आस्था से भी जुड़ा हुआ है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article