लखनऊ

Lok Sabha Election 2024: सपा की पहली लिस्ट में 'यादव परिवार', नवरात्रि में अखिलेश करेगें 20 नामों का ऐलान

सपा लोकसभा चुनाव 2024 से पहले अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट नवरात्रि पर जारी करेगी। सपा अध्यक्ष ने कहा था-नवरात्रि पर समाजवादी पार्टी VIP सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित करेगी। हालांकि, लिस्ट में यादव परिवार के 6 लोगों के नाम सामने आये हैं। लिस्ट अभी सार्वजनिक नहीं की गई।

Image

समाजवादी पार्टी

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पार्टियां प्रत्याशियों के टिकट को लेकर माथापच्ची कर रही हैं। इस बार एनडीए गठबंधन के सामने विपक्ष का 'इंडिया' गठबंधन है। इस गठबंधन में सबसे बड़ा पेंच सीट शेयरिंग को लेकर फंसता दिखाई दे रहा है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 20 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट फाइनल कर दी है। इस लिस्ट में 'यादव परिवार'के 6 लोगों के टिकट लगभग तय हो चुके हैं, जिसमें खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा शिवपाल सिंह का नाम शामिल है। हालांकि, लिस्ट में यादव परिवार के अलावा और किसके नाम शामिल हैं, यह नवरात्रि के आसपास पता चलेगा। फिलहाल, लिस्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

वैसे यूपी में सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच रस्साकसी चल रही है। अखिलेश ने पिछले दिनों साफ तौर पर कहा था कि उत्तर प्रदेश में I.N.D.I.A. के तमाम सहयोगियों को समाजवादी पार्टी सीटें देगी और अन्य राज्यों में दूसरी पार्टियों से सीटें लेगी। इससे यह जाहिर हो रहा था कि सपा की रणनीति राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में अपनी पैठ बनाने की है। वैसे अखिलेश कांग्रेस को ज्यादा सीटें के मूड में नहीं दिखाई दे रहे हैं। सपा खुद ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाह रही है। इसी बीच सपा ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है। सपा नवरात्रि के आसपास अपने उम्मीदवारों की पहली सूची का ऐलान करेगी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खुद चुनाव लड़ने की स्थिति लगभग साफ हो गई है।

जानिए कौन कहां से लड़ेगा चुनाव

यादव परिवार के जो 6 नाम सामने आ रहे हैं, उनमें खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज से चुनाव लड़ेगें। इसके अलावा उनकी पत्नी व मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव फिर से मैनपुरी से प्रत्याशी होंगी, जबकि शिवपाल यादव मुलायम सिंह के निधन के बाद आजमगढ़ सीट से इस बार लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा धर्मेंद्र यादव एक बार फिर बदायूं से सपा के उम्मीदवार होंगे तो तेज प्रताप यादव संभल से चुनाव लड़ेंगे और अक्षय यादव फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे। शेष 14 नाम किसके शामिल हैं, इसके लिए नवरात्रि तक इंतजार करना होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि लिस्ट में परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ बड़े नाम हो सकते हैं, जो अखिलेश यादव के करीबी हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article