Etawah Accident: इटावा जिले में शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाराबंकी के हैदरगढ़ से भाजपा विधायक दिनेश कुमार रावत के छोटे भाई मिथिलेश रावत की मौत हो गई। दुर्घटना सुबह लगभग 5 बजकर 30 मिनट पर हुई, जब उनकी कार को तेज रफ्तार DCM ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
देवस्थान दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा
मिथिलेश रावत धार्मिक स्थल के दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार इटावा के पास एक्सप्रेसवे पर पहुंची ही थी कि अचानक डीसीएम ने वाहन में इतनी तेज टक्कर मारी कि कार पूरी तरह टूट-फूट गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मिथिलेश रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
विधायक मौके के लिए हुए रवाना, प्रशासन सक्रिय
दुर्घटना की खबर मिलते ही विधायक दिनेश कुमार रावत घटना स्थल के लिए तुरंत रवाना हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। कोठी के ग्राम मीरापुर के निवासी दिनेश कुमार रावत हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं, जबकि उनकी पत्नी आरती रावत सिद्धौर की ब्लॉक प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
