OBC Welfare Schemes in UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया है। इस विजन की नींव ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, गांवों की स्वच्छता बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर आधारित है। सरकार का विश्वास है कि यदि अगले दो दशकों में इन क्षेत्रों में गहन सुधार किए जाएं, तो उत्तर प्रदेश न केवल छह ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है, बल्कि भारत के विकास पथ में भी एक निर्णायक भूमिका निभा सकता है। राज्य की कुल जनसंख्या में ओबीसी वर्ग का हिस्सा 52% से अधिक है, इसलिए उनके सशक्तिकरण के बिना विकसित यूपी का सपना अधूरा रहेगा।
ओबीसी कल्याण विभाग के कई ठोस प्रयास
बीते आठ सालों में ओबीसी कल्याण विभाग ने इस दिशा में कई ठोस प्रयास किए हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 32,22,499 ओबीसी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति दी गई। वहीं, पिछले आठ वर्षों में कुल 2.07 करोड़ से अधिक छात्रों को ₹13,535.33 करोड़ की मदद प्रदान की गई है। यह पूर्व सरकार द्वारा दिए गए ₹4,197 करोड़ की तुलना में चार गुना अधिक है, जो योगी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक 7 करोड़ से अधिक ओबीसी छात्रों को कुल ₹80,000 करोड़ की सहायता दी जाए, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
विवाह अनुदान योजना की अहम पहल
ओबीसी वर्ग की निर्धन बेटियों के लिए चलाई जा रही विवाह अनुदान योजना भी एक अहम पहल है। पिछले आठ वर्षों में इस योजना के तहत ₹1,221 करोड़ खर्च कर 6,10,483 बेटियों की शादी में सहायता दी गई, जबकि पूर्व की सरकार में यह संख्या सिर्फ 2,75,311 थी और कुल व्यय ₹344 करोड़ रहा। अब इस योजना की सहायता राशि को ₹20,000 से बढ़ाकर ₹60,000 करने का प्रस्ताव लंबित है। सरकार का उद्देश्य है कि 2047 तक इस योजना के जरिए 24 लाख बेटियों को ₹14,400 करोड़ की आर्थिक मदद दी जाए। यह कदम न केवल सामाजिक विकास में सहायक होगा, बल्कि ओबीसी समुदाय की महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बल देगा।
हजारों युवाओं को सरकारी व निजी क्षेत्रों में रोजगार
उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना ने बीते आठ वर्षों में 1,39,698 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) युवाओं को CCC और 'O'लेवल जैसे तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किए हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी व निजी क्षेत्रों में रोजगार मिला है। यह योजना ग्रामीण युवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। विभाग का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक 11 लाख ओबीसी युवाओं को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जाए, जिस पर अनुमानित ₹3,850 करोड़ खर्च किए जाएंगे। यह पहल राज्य में रोजगार सृजन को गति देने के साथ-साथ ओबीसी समुदाय को टेक्नोलॉजी आधारित विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मददगार साबित होगी।
विकसित यूपी की परिकल्पना में अहम भूमिका
इसके साथ ही, छात्रावास सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग का उद्देश्य है कि हर जिले में ओबीसी छात्रों के लिए आधुनिक और नि:शुल्क छात्रावास बनाए जाएं, ताकि शिक्षा सभी तक पहुंच सके, खासकर उन ग्रामीण विद्यार्थियों तक जो संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। नई छात्रावास संरचनाएं एक बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएंगी, जो ‘विकसित यूपी’ की परिकल्पना में एक अहम भूमिका निभाएंगी। ग्रामीण शिक्षा, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे में सुधार के जरिए ओबीसी समुदाय का सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा सकता है। बीते आठ वर्षों में विभाग ने शिक्षा, विवाह सहायता और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से उल्लेखनीय प्रगति की है। इन योजनाओं ने न केवल युवाओं बल्कि बेटियों को भी आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया है।
6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
2047 तक, इन प्रयासों का उद्देश्य ओबीसी समाज को सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की दौड़ में अग्रणी बनाया जा सके। राज्य के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तीकरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ओबीसी वर्ग की सक्रिय भागीदारी के बिना विकास अधूरा है। विभाग की योजनाएं न सिर्फ अवसर पैदा कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। योगी सरकार का मानना है कि जब ओबीसी समुदाय को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के समतुल्य अवसर मिलेंगे, तभी 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। यह दूरदर्शी योजना उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की ओर ठोस कदम है।
