लखनऊ

Lucknow Elevated Road: लखनऊ में हैदर कैनाल पर बनेगी आठ किमी लंबी एलीवेटेड रोड, 10 लाख आबादी को मिलेगी राहत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 3, 2023, 12:41 PM IST

Lucknow Elevated Road: लखनऊ में राजाजीपुरम से कालिदास मार्ग के बीच गाजीउद्दीन हैदर कैनाल पर एलीवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। एलीवेटेड रोड के बनने से अवध चौराहे, चारबाग, मवैया और हजरतगंज में लगने वाला जाम नहीं लगेगा। इससे करीब 10 लाख आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी को 754 करोड़ रुपये की सर्वे रिपोर्ट भेजी गई है। बजट को मंजूरी मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।

Image

आठ किमी लंबी एलीवेटेड रोड बनेगी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • गाजीउद्दीन हैदर कैनाल पर बनेगा आठ किमी लंबा एलीवेटेड रोड
  • अवध चौराहे, चारबाग, मवैया और हजरतगंज में नहीं लगेगा जाम
  • 10 लाख आबादी को जाम से मिलेगी राहत

Lucknow Elevated Road: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम से कालिदास मार्ग के बीच गाजीउद्दीन हैदर कैनाल पर आठ किलोमीटर लंबे एलीवेटेड रोड का निर्माण होगा। करीब 8200 मीटर लंबा प्रस्तावित एलीवेटेड रोड बनने से आगरा एक्सप्रेस-वे और लोहिया पथ आपस में कनेक्ट किए जाएंगे। इसके बनने से अवध चौराहे, चारबाग, मवैया और हजरतगंज में लगने वाला ट्रैफिक जाम नहीं लगेगा। शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने 754 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को भेज दिया है। बजट को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य होगा।

लखनऊ में यातायात व्यवस्था ठीक करने के लिए करीब 25 साल पहले गाजीउद्दीन हैदर कैनाल पर एलीवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। पहले चरण में राजाजीपुरम से सदर क्रॉसिंग तक 7.41 किमी की एलीवेटेड सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

फ्लाईओवर के बीच में डिवाइडर भी बनाने का था प्रस्ताव

लगभग तीन लेन प्रस्तावित फ्लाईओवर के बीच में डिवाइडर भी बनाया जाना था। दोनों किनारों पर तीन-तीन मीटर का फुटपाथ भी बनाना था। तब इसकी अनुमानित लागत करीब 534 करोड़ रुपये बताई गई थी। साल 1998 में एक निजी कंपनी ने इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी बनाई थी। अगले साल 1999 में संशोधित रिपोर्ट तैयार की गई, लेकिन आपत्तियों और भारी भरकम खर्च की वजह से योजना रोक दी गई। इसके बाद 24 जुलाई 2019 में शासन स्तर पर यातायात सुधार के लिए बैठक हुई, इसमें एलडीए को 1697 करोड़ रुपये में हैदर कैनाल एलीवेटेड रोड पर कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सांसद राजनथा के पत्र के बाद हरकत में विभाग

लखनऊ के सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 27 सितंबर 2021 को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को खत लिखा। शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता (सेतु) ने सेतु निगम के प्रबंध निदेशक को 16 फरवरी 2023 को पत्र लिखकर रिपोर्ट तलब की थी, इसके बाद सेतु निगम ने करीब 8200 मीटर लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर के लिए 754 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया। तीन लाइन का प्रस्तावित फ्लाईओवर राजाजीपुरम ई-ब्लॉक मार्केट, बालाजी मंदिर, मवैया पुल के ऊपर से होते हुए मोतीनगर, स्टेशन रोड, उदयगंज से गुजरते हुए चिड़ियाघर के पीछे तक जाएगा। इससे करीब 10 लाख आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक संदीप गुप्ता ने कहा कि हैदर कैनाल पर करीब आठ किलोमीटर लंबा एलीवेटेड फ्लाईओवर बनेगा। पीडब्ल्यूडी को 754 करोड़ रुपये की सर्वे रिपोर्ट भेजी गई है। बजट को मंजूरी मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article