UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यहां आने वाले VVIPs की सुरक्षा अब रोबोट के हाथों में हो सकती है। इसके लिए अत्याधुनिक चार-पहिया डे-नाइट सर्विलांस रोबोट खरीदे जाएंगे। ये रोबोट अति-संवेदनशील क्षेत्रों में 24x7 निगरानी सुनिश्चित करेंगे। दावा है कि रोबोट्स के जरिये VVIP सुरक्षा व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा। यूपी में आने वाले राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य VVIP व्यक्तियों की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए ही इस रोबोट का इस्तेमाल किया जाएगा। इस अत्याधुनिक चार-पहिया डे-नाइट सर्विलांस रोबोट की खरीदारी के लिए सुरक्षा मुख्यालय द्वारा गृह विभाग को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और इसके लिए 1 करोड़ 60 लाख 48 हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। जाहिर है जल्द ही यूपी को सुरक्षा बेड़े में यह सर्विलांस रोबोट भी शामिल होंगे।
अत्याधुनिक डे-नाइट सर्विलांस रोबोट के हाथों होगी सुरक्षा की कमान
चार-पहिया डे-नाइट सर्विलांस रोबोट आधुनिक तकनीक का एक अनुपम उदाहरण हैं। ये रोबोट VVIP सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इनकी प्रमुख विशेषताएं है कि यह रोबोल उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे, थर्मल इमेजिंग और 360-डिग्री व्यू से लैस हैं और 24x7 निगरानी स्पष्ट वीडियो और ऑडियो डेटा प्रसारित करते हैं।
VVIP सुरक्षा में क्यों जरूरी हैं ये रोबोट
VIP और VVIP व्यक्तियों की सुरक्षा में मानवीय त्रुटियों और संसाधनों की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए, यह रोबोट एक विश्वसनीय समाधान प्रदान करते हैं। भीड़भाड़ वाले आयोजनों, जैसे कि रैलियों, समारोहों या यात्राओं के दौरान, ये रोबोट संदिग्ध गतिविधियों को तुरंत पकड़ सकते हैं और सुरक्षा बलों को त्वरित अलर्ट भेज सकते हैं। इससे खतरे की आशंका को न्यूनतम किया जा सकता है।
रिमोट और मैनुअल दोनों तरीके से चलेगा रोबोट
ये रोबोट रिमोट कंट्रोल और मैनुअल दोनों तरह से संचालित हो सकते हैं, जिससे संचालन में लचीलापन रहता है। AI-आधारित सेंसर और मोशन डिटेक्शन तकनीक खतरों को तुरंत पहचानने में सक्षम हैं। चार-पहिया डिज़ाइन इन्हें किसी भी सतह—चाहे वह उबड़-खाबड़ हो या भीड़भाड़ वाला इलाका—पर आसानी से चलने में सक्षम बनाती है।
रियल-टाइम डेटा ट्रांसमिशन है इसकी बड़ी विशेषता
4G/5G कनेक्टिविटी के साथ यह रोबोट रियल-टाइम में डेटा भेज सकते हैं, जिससे दूरस्थ निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव होती है।वैश्विक स्तर पर SMP Robotics Argus S5.2 और Knightscope K5 जैसे रोबोट पहले से ही सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी के लिए उपयोग हो रहे हैं। यूपी में तैनात होने वाले रोबोट भी इसी तरह की अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जो मानव संसाधनों की कमी को पूरा करेंगे और जोखिम भरे क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
