Bhadhoi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही दौरे के दौरान गंगा नदी पर नए पुल और गोपीगंज-मिर्जापुर के बीच रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण को मंजूरी दी। यह नया पुल डेंगढ़पुर के पास गंगा नदी पर बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की लंबे समय की मांग पूरी हो गई। सीएम ने अपने भदोही दौरे के दौरान कालीन उद्योग की तरक्की पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि आज से 10 साल पहले कालीन उद्योग की स्थिति बहुत खराब थी। लेकिन अब देश में होने वाले कुल कालीन निर्यात में उत्तर प्रदेश की 60% और अकेले भदोही की भी 60% भागीदारी है।
सीएम योगी ने कहा, ‘‘ हमें खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से और केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से 'कार्पेट एक्सपो मार्ट’ का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा, “आज कार्पेट उद्योग न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि देश में भी अपनी नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। हमें गर्व है कि देश से होने वाले कालीन के कुल निर्यात में उत्तर प्रदेश की भागीदारी 60 प्रतिशत है तो भदोही जिले की भागीदारी अकेले 60 प्रतिशत है।” उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भदोही के कालीन की नयी पहचान और प्रभावी बन सके, इसके लिए सरकार काम का रही है।
निर्माणाधीन अस्पताल दिसंबर 2025 में होगा पूरा
योगी आदित्यनाथ ने जिले में विकास कार्यों और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर एक पेड़ मां के नाम के तहत रुद्राक्ष का पेड़ लगाने के बाद जनपद के विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की और इसे दिसंबर, 2025 तक पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने 100 बिस्तरों के निर्माणाधीन जिला अस्पताल के बारे में कहा कि कई साल से अधूरा जिला अस्पताल, पिछली सरकारों की बेईमानी और भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक बन चुका था, लेकिन उनकी सरकार से इसे दिसंबर, 2025 तक हर हाल में पूरा करने का राजकीय निर्माण निगम को लक्ष्य दिया है। इसके साथ उन्होंने इसी अस्पताल में 50 बेड का ‘क्रिटिकल केयर ब्लाक’ देखा। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निजी साझीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत भदोही में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना का भी संकेत दिया ।
(इनपुट - भाषा)
