Basti Murder: बस्ती जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज कुछ दिनों बाद ही एक दुल्हन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। बीते 13 नवंबर को धूमधाम से हुई शादी कुछ ही दिनों में एक खौफनाक अपराध में बदल गई। जिस लड़की को दूल्हा बड़ी उम्मीदों के साथ गोंडा से ब्याह कर लाया था, उसी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जान ले ली।
बेदीपुर गांव में गोली मारकर हत्या
यह सनसनीखेज मामला परसरामपुर थाना क्षेत्र के बेदीपुर गांव का है, जहां अनीस नाम के युवक को एक संदिग्ध युवक ने गोली मार दी। घटना के बाद गंभीर हालात में उसे अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरूआती जांच में मामला लूट या आपसी रंजिश का लगा, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, एक चौंकाने वाला सच सामने आया।
क्या है पूरा मामला
मृतक अनीस की शादी 13 नवंबर को गोंडा निवासी रुखसाना से हुई थी। शादी के बाद वह दुल्हन को घर भी लेकर आया था। लेकिन रुखसाना का पहले से ही बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के रहने वाले रिंकू नाम के युवक से प्रेम संबंध था, जो पिछले तीन से चार वर्षों से जारी था। रुखसाना अनीस से शादी नहीं करना चाहती थी, परिजनों के दबाव में उसे निकाह के लिए राजी होना पड़ा। जब रुखसाना शादी के बाद अपने मायके गई, तभी उसने प्रेमी रिंकू से मुलाकात की और दोनों ने अनीस को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। रिंकू ने अपने साथी शिव के साथ मिलकर योजना बनाई और अनीस के घर पहुंचा। रास्ता पूछने के बहाने उसे बाहर बुलाया और गोली मारकर फरार हो गया। मृतक अनीस मुंबई में क्रेन ऑपरेटर का काम करता था और 10 नवंबर को शादी के लिए घर आया था। 13 नवंबर को वह गोंडा पहुंचा, जहां रुखसाना से उसका निकाह हुआ। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही दिनों में उसकी नई-नवेली पत्नी ही उसके खून की वजह बन जाएगी।
पुलिस ने किया मामले का खुलासा
जैसे ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई। जांच के दौरान रुखसाना और रिंकू के रिश्ते की बात सामने आई, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हो गया। एसपी अभिनंदन ने बताया कि रुखसाना, उसका प्रेमी रिंकू और उसके साथी शिव, तीनों ने मिलकर अनीस की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
