लखनऊ

बरेली हिंसा मामला: मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर कार्रवाई जारी, प्रशासन अवैध दुकानों और शोरूम को कर रहा सील

बरेली हिंसा मामले में प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। बरेली विकास प्राधिकरण के एक कर्मचारी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति के चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई है।

Image

मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर कार्रवाई (Photo-X)

Bareilly Violence: बरेली हिंसा मामले में प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने उपद्रव के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर बड़ी कार्रवाई की। पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित अवैध दुकानों और शोरूम को सील कर दिया गया। बताया गया कि ये सभी कारोबार बिना नक्शा स्वीकृति के संचालित हो रहे थे।

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। बरेली विकास प्राधिकरण के एक कर्मचारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति के चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई है। अधिकारी ने आगे कहा कि हमने मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ की कुल 17 दुकानों को सील कर दिया है।

'अवैध संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी'

इससे पहले हिंसा के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के एक अन्य करीबी डॉ. नफीस खान के अवैध बारातघर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया था। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हिंसा और उपद्रव में शामिल लोगों की अवैध संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बरेली उपद्रव मामले में अब तक की जांच में पुलिस ने 126 नामजद लोगों पर केस दर्ज किया है, जिनमें से 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश डाली जा रही है।

क्या है मामला?

गौरतलब है कि 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी। बड़ी संख्या में लोग 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर लेकर जमा हुए थे। इस दौरान कुछ लोगों के विरोध के बाद माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई थी। स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article