लखनऊ

Lucknow: अब और भी खूबसूरत दिखेगा लखनऊ का शहीद पथ, एक ही रंग में दिखाई देंगी सभी इमारतें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 17, 2023, 03:01 PM IST

Lucknow Development Authority: लखनऊ का शहीद पथ अब और भी खूबसूरत दिखाई देगा। शहीद पथ के दोनों किनारों और अंसल एपीआई के सुशांत गोल्फ सिटी के सेंट्रम होटल तक दोनों तरफ की इमारतें एक रंग में दिखाई देंगी। शहर को खूबसूरत दिखाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण मकान मालिकों को नोटिस भेज रहा है। एलडीए ने इमारतों का रंग तय कर दिया है। सभी इमारतों का रंग धूमिल सफेद (ऑफ व्हाइट) होगा।

Image

लखनऊ के शहीद पथ किनारे सभी इमारतें एक रंग में होंगी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ के शहीद पथ किनारे की सभी भवन एक रंग में होंगे
  • शहर को खूबसूरत दिखाने के लिए एलडीए का प्लान
  • एलडीए मकान मालिकों को भेज रहा है नोटिस


Lucknow Shaheed Path: उत्तर प्रदेश की लखनऊ में शहीद पथ के दोनों किनारों और अंसल एपीआई के सुशांत गोल्फ सिटी के सेंट्रम होटल तक दोनों ओर के भवन एक ही रंग में दिखाई देंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने जी 20 सम्मेलन के चलते इन इमारतों को एक रंग में कराने की तैयारी की है। इसके लिए भवन स्वामियों की सहमति और खर्चे पर ही इमारतें एक रंग में कराई जाएंगी। जी-20 सम्मेलन के लिए लखनऊ को खूबसूरत बनाया जा रहा है। खासकर उन इलाकों पर विशेष नजर है, जहां से विदेशी मेहमानों को गुजरना है। विदेशी मेहमान लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट से शहीद पथ होते हुए सुशांत गोल्फ सिटी के सेंट्रम होटल जाएंगे। इसके लिए रूट को और खूबसूरत बनाने के लिए आसपास की इमारतों को एक रंग में कराने की तैयारी है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने ऐसी इमारतों को चिन्हित भी कर लिया है, जो भी इस रास्ते में आते जाते दिख रही हैं, उन सभी की लिस्ट तैयार कर ली है। प्राधिकरण के इंजीनियरों ने सभी इमारत के मालिकों से संपर्क भी कर लिया है। तुरंत बिल्डिंग का कलर ऑफ व्हाइट करने के लिए कहा है।

सभी भवन स्वामियों को नोटिस जारी करेगा प्राधिकरण

जल्द ही प्राधिकरण सभी भवन स्वामियों को नोटिस जारी करेगा। जो भवन मालिक स्वेच्छा से कराएंगे उनके लिए कोई परेशानी नहीं होगी। लेकिन जो लोग नहीं कराएंगे उनके खिलाफ सख्ती भी की जा सकती है। एलडीए के ओएसडी अरुण सिंह के अनुसार, सभी भवन को एक कलर में करने के लिए मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण को एक्ट में किसी भी भवन के फ्रंट के रंग को निर्धारित करने का अधिकार है। इसी अधिकार के तहत एलडीए ने शहीद पथ की फेसिंग वाली सभी इमारतों को नोटिस जारी करना शुरू किया जा रहा है।

धूमिल सफेद कलर की होंगी सभी इमारतें

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी ने प्रवर्तन विभाग के इंजीनियरों को सभी भवन मालिकों को नोटिस देने का निर्देश जारी किया है। सबको नोटिस देने का काम शुरू किया जा रहा है। जी 20 सम्मेलन शुरू होने से पहले ही सभी को अपने भवन का रंग बदलना होगा। प्राधिकरण ने इमारतों का कलर तय कर दिया है। सभी इमारतों का रंग धूमिल सफेद (ऑफ व्हाइट) किया जाएगा। फरवरी के पहले हफ्ते तक सभी इमारतों का कलर धूमिल सफेद हो जाएगा। जो मालिक खुद अपनी बिल्डिंग का रंग नहीं बदलवाएगा, उसे प्राधिकरण बदलवाएगा। लेकिन इसका खर्चा संबंधित व्यक्ति से ही लिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article