लखनऊ

प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामनगरी में आस्था का उत्सव, सुबह से रामपथ पर श्रद्धालुओं का रेला; सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में आज बड़ी तादाम में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं। राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां पर श्रद्धालुओं का आगमन और बढ़ गया है। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए है।

Image

फाइल फोटो

Ayodhya Ram Mandir: राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है। रविवार को रामपथ पर सुबह से ही भक्त बड़ी तादाद में जुटे। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का यह नजारा रामनगरी को और भी पवित्र बना रहा है।पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए पानी और बैठने की व्यवस्था

राम मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग रामपथ पर दूर-दूर तक भक्तों की कतार देखी गई। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं, ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो। राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। रामपथ पर जगह-जगह पानी, छांव और बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मंदिर परिसर में प्रवेश और दर्शन की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

भीड़ में और बढ़ोत्तरी के आसार

रविवार होने के कारण भीड़ में और इजाफा होने की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और मंदिर परिसर में स्वच्छता का ध्यान रखें। अयोध्या के लिए 5 जून का दिन ऐतिहासिक रहा। पहली बार पूरी दुनिया के सामने राजा राम दरबार की झलक दिखाई गई। भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान समेत संपूर्ण राम दरबार की भव्य प्रतिमा मंदिर के प्रथम तल विराजमान हो गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य मंदिर में राजा राम की प्राण प्रतिष्ठा की। इस मौके पर वैदिक मंत्रों की ध्वनि चारों दिशाओं में गुंजायमान रही। अभिजीत मुहूर्त, वेदघोष और मंत्रोच्चार की ध्वनि के बीच अयोध्या में गंगा दशहरा के अवसर पर श्रीराम दरबार सहित समस्त नवनिर्मित देवालयों में प्राण प्रतिष्ठा का भव्य समारोह सम्पन्न हुआ।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article