लखनऊ

बरसात बनी बिजली संकट की वजह; लखनऊ के मोहल्लों में अंधेरे का साया, कहीं डर तो कहीं नाराजगी का माहौल

लखनऊ में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्थिति और भी गंभीर है, जहां बिजली पूरी तरह से बाधित हो गई है। लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसी बीच गऊघाट में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां करंट लगने से एक पालतू गाय की मौत हो गई।

Image

लखनऊ में बिजली आपूर्ति प्रभावित (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

लखनऊ में हाल ही में हुई बारिश के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति गंभीर रूप से बाधित हो गई है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फैजुल्लागंज क्षेत्र की स्थिति सबसे चिंताजनक है, जहां बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। गऊघाट पावर हाउस के पास मिश्री बाग और सेंट फ्रांसिस स्कूल के नजदीक एक लोहे के बिजली पोल में करंट उतरने से एक पालतू गाय की दुखद मृत्यु हो गई।

इंदिरा नगर में भी बिजली बार-बार जाने से लोग बेहद परेशान हैं। एक घंटे के अंदर आठ बार बिजली गुल हुई, जिससे गर्मी में रहना दूभर हो गया है। फैजुल्लागंज के संतकबीर नगर और कृष्ण लोक कॉलोनी में सुबह 6 बजे से अब तक बिजली नहीं आई है। निवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया या समाधान नहीं मिल सका।

खासकर कृष्ण लोक कॉलोनी में लोहे के खंभों में करंट दौड़ने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इससे इलाके में डर का माहौल है, और बच्चे व बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने में हिचक रहे हैं। स्थानीय लोग प्रशासनिक उदासीनता से नाराज हैं और नियमित आपूर्ति की बहाली की मांग कर रहे हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article