लखनऊ

Sambhal Encounter: टीचर पर एसिड फेंकने वाले की पुलिस से मुठभेड़; दोनों पैरों में लगी गोली तो हाथ जोड़कर लगा मांगने माफी

संभल में टीचर पर एसिड फेंकने का आरोपी गुरुवार रात एनकाउंटर के बाद पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। मुठभेड़ के बाद उसके मन में ऐसी दहशत बनी की वह पुलिस से माफी मांगता भी दिखा। फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है।

Image

घायल हालत में पुलिस से माफी मांगता आरोपी

Photo : Times Now Digital

Sambhal Acid Attacker Encounter: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एसिड अटैक के आरोपी नीशू और पुलिस के बीच गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। आरोपी को पुलिस की गोली दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोचकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीशू ने गिरफ्तारी के समय एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा लेकिन एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब हाथ जोड़ने से कुछ नहीं होगा, ऊपर वाला न्याय देगा।

टीचर पर फेंका था एसिड

दो दिन पहले नखासा थाना क्षेत्र के शरीफपुर गांव की रहने वाली टीचर स्कूल से लौट रही थीं। तभी स्कूटी सवार आरोपी नीशू ने उन पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल अध्यापिका को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की थीं। गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नारायणपुर गांव के पास मौजूद है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान

आरोपी की पहचान नीशू निवासी तिगरी थाना गजरौला, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पर पहले से भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

कड़ी कार्रवाई की तैयारी

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं एसिड अटैक पीड़िता का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article