UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक्टिव मोड में है और बारिश का दौर भी जारी है। जिसकी वजह से उमस भरी गर्मी से राहत है। यूपी में बुधवार को जोरदार बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था और अब तक जारी है। गुरुवार और शुक्रवार को भी कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। शनिवार को भी कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। आज भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में अगले तीन दिन 30 जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं।
इन जिलों में आज होगी भारी बारिश
यूपी में आज अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। आज बारिश के साथ बिजली गिरने के भी आसार है। इसके अलावा 20 से 30 किमी की स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी यूपी के भारी बारिश की संभावना है। रविवार को झांसी, इटावा, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फिरोजाबाद, आगरा, जालौन, महोबा, हमीरपुर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट है।
शनिवार को चुर्क में हुई सबसे अधिक बारिश
शनिवार को यूपी के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ही दोपहर से शाम तक अलग-अलग भागों में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, गाजीपुर, बरेली, आगरा और शाहजहांपुर में भी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को चुर्क में सबसे अधिक 42 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा वाराणसी में 22.4 मिमी, बाराबंकी में 15.4 मिमी और कानपुर में 12 मिमी बारिश हुई। वहीं बीते दो से तीन दिन से गाजीपुर और बहराइच में बारिश जारी है, जिसके चलते यहां का तापमान 30 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है।
